श्री गंगानगर

गंगानगर में शाह का रोड शो आज, यह रहेगा पूरा कार्यक्रम, रोड शो के बाद रात में फीडबैक लेंगे शाह

गंगानगर में शाह का रोड शो आज, यह रहेगा पूरा कार्यक्रम, रोड शो के बाद रात में फीडबैक लेंगे शाह
less than 1 minute read
shah
shah

श्रीगंगानगर।

भाजपाध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को श्रीगंगानगर में रोड शो करेंगे। शाह का करीब दोपहर डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचने का कार्यक्रम है। गंगानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में निकाले जा रहे रोड शो को सफल बनाने के लिए जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। इसके लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

रोड शो की रवानगी बीरबल चौक से होगी। भाजपाध्यक्ष कार से बीरबल चौक आएंगे और वहां से विशेष रूप से तैयार किए गए रथ में सवार होकर रोड शो पर निकलेंगे। रोड शो दयानंद मार्ग होते हुए गांधी चौक जाएगा और वहां से अम्बेडकर चौक होते हुए वकीलों वाली डिग्गी पर आकर संपन्न होगा। रोड शो के लिए पचास हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य प्रदेश भाजपा से मिला था।


सभी प्रत्याशी होंगे साथ

शाह का हेलीकॉप्टर सूरतगढ़ मार्ग स्थित केएलएम रिसोर्ट के पीछे अस्थाई हेलीपैड पर उतरेगा। वहां कुछ देर आराम करने के बाद शाह अपरान्ह तीन बजे बीरबल चौक पहुंचकर रोड शो पर निकलेंगे। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशी रोड शो में उनके साथ रहेंगे। जाम की आशंका के चलते रोड शो का रूट काफी छोटा रखा गया है। लगभग डेढ़ घंटे का समय इस रूट को तय करने में लगेगा।

रात में लेंगे फीडबैक

भाजपाध्यक्ष रात्रि विश्राम गंगानगर में करेंगे और भाजपा प्रत्याशियों से उनकी स्थिति के बारे में फीडबैक लेंगे। जिन सीटों पर भाजपा के लोग भितरघात कर रहे हैं उनके बारे में भी शाह कुछ न कुछ करेंगे। वह असंतुष्टों से बातचीत कर उन्हें मनाने का प्रयास भी कर सकते हैं।

Published on:
30 Nov 2018 08:00 am