श्री गंगानगर

विरोध के बावजूद सड़क में दबा दी पाइपें

अग्रसेन एरिया में दो साल पहले सीवरेज कंपनी यूईएम सीवर लाइन डाल रही थी तो मोहल्लावासियों के साथ पार्षद ने भी विरोध किया था।

2 min read
road broken


श्रीगंगानगर.

अग्रसेन एरिया में दो साल पहले सीवरेज कंपनी यूईएम सीवर लाइन डाल रही थी तो मोहल्लावासियों के साथ पार्षद ने भी विरोध किया था।घटिया निर्माण के आरोप भी लगे परन्तु सीवरेज कंपनी ने विरोध दरकिनार करते हुए पाइपें जमीन में दबा दी। पाइप लाइन डालने के लिए कंपनी ने जो सड़कें तोड़ी उन्हें दुबारा बनवाया भी परन्तु अधिकतर सड़कें निर्माण के महीनेभर बाद ही बिखर गई। लोगों ने सीवरेज कंपनी से लेकर यूआईटी, नगर परिषद और एमएलए तक को शिकायतें की परन्तु आश्वासन से ज्यादा कुछ नहीं मिला।आज मौके पर हालत यह है कि सड़क पर वाहन चलते हैं तो नुकीले पत्थर उछलकर लोगों के घरों में दरवाजे पर टकराते हैं। दरवाजा खुला है तो ये पत्थर घरों के अंदर तक चले जाते हैं। बरसात के दिनों में इन सड़कों पर पानी इतना भर जाता है कई दिन तक निकासी नहीं होती। शहर में आरयूआईडीपी के नए प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इसके तहत जहां सीवरेज लाइन पहले डाली जा चुकी है वहां पानी की पाइप लाइन डाली जाएगी। ऐसे में टूटी सड़कों का दंश झेल रहे लोगों को अभी कई साल और परेशानी झेलनी पड़ेगी।

नालियां बंद, गंदगी से परेशान
सीवर लाइन डाली गई तो उम्मीद बंधी कि उन्हें गंदगी से निजात मिलेगी परन्तु सड़कें तोड़ पाइपें डाल दी गई। इससे नालियां और बंद हो गई। अब गंदगी सड़ांध मार रही है।
-श्रीराम सिंघल, वार्ड 38, जैनसभा रोड,अग्रसेन नगर

हर जगह गए, किसी ने नहीं सुनी पीड़ा
सीवरेज तो क्या पता कब चालू होगा। घर के आगे बिखरी हुई सड़क से बहुत परेशानी होती है। मेरी तो दुकानदारी चौपट हो रही है। सबके आगे रोना रो लिया कोई सुनवाई नहीं कर रहा।
-अशोक अरोड़ा, दुकानदार, वार्ड 38,जैनसभा रोड,अग्रसेन नगर

एमएलए तक ने नहीं की सुनवाई
सड़क बिखर चुकी है। नुकीले पत्थर उछलकर दरवाजों के अंदर तक आ जाते हैं। मैं पूर्व सैनिक हूं। इसे नाते सम्मान समारोह में भी बुलाया गया परन्तु एमएलए कामिनी जिंदल ने सार्वजनिक समस्या की अनदेखी की।

बरसात में डूब जाता है मोहल्ला
सीवरेज के लिए पाइप लाइनें डालने से सड़कें तो टूटी ही है। बरसात में सबसे ज्यादा समस्या होती है। चैम्बरों में पानी घुसने से इलाके में हालात खराब हो जाते हैं।
-सुखजीत सिंह, वार्ड 38, अग्रसेन नगर

घटिया काम का दंश झेल रहे
हम घटिया काम का दंश झेल रहे हैं। जब काम चल रहा था तो मौके पर आने वाले इंजीनियर को घटिया काम की शिकायत भी की थी। चेयरमैन तक शिकायत की गई परन्तु हर जगह अनसुनी कर दी गई।
-देवेन्द्र गुप्ता, वार्ड 38, अग्रसेन नगर

वार्ड का बेड़ा गर्क कर दिया
सीवरेज के कारण वार्ड का बेड़ा गर्क कर दिया है। घटिया काम हुआ है। इसका शिकायत मैंने खुद हर स्तर पर की परन्तु अनसुनी कर दी गई। अब यदि शीघ्र ही टूटी गई सड़कों की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो जनता को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।
-कमला बिश्नोई, पार्षद, वार्ड 38

पब्लिक तो कुछ भी कह सकती है
हमने जहां-जहां सीवर की पाइपें डाली वहां कुछ समय बाद ही सड़क निर्माण करवा दिया। महीनेभर बाद सड़क टूटने की बात गलत है। पब्लिक तो कुछ भी कह सकती है। हर सड़क का एक साल का गारंटी पीरियड होता है। अब गारंटी अवधि में कोई सड़क नहीं है।
-अनिल मिश्रा, प्रोजेक्ट मैनेजर, यूईएम

ये भी पढ़ें

Video : बैठक में जिला कलक्टर ने कहा- गाना गाने की जरूरत नहीं, मुझे काम से मतलब है

ये भी पढ़ें

बिजली कटौती से पहले मोबाइल पर आएगा मैसेज

Updated on:
24 Sept 2017 09:30 pm
Published on:
24 Sept 2017 09:20 pm
Also Read
View All