- श्रीगंगानगर के बालाजी धाम मंदिर में 151 सवामणि प्रसाद के चूरमे का पहाड़ बना आकर्षण का केंद्र, महाभोग में झलकती आस्था, हनुमान जन्मोत्सव की मंदिरों में देर रात तक रही धूम
श्रीगंगानगर. हनुमानगढ़ रोड स्थित श्री बालाजी धाम में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर दिनभर “वीर बजरंगी के जयकारों” से गूंजता रहा और भक्तिमय माहौल बना रहा। सुबह से ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भगवान हनुमान के दर्शन के लिए भक्त उत्साहपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय रंग में रंग गया। इस अवसर पर श्री बालाजी धाम में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की ओर से सवामणि प्रसाद का महाभोग लगाया गया, जिसमें 151 चूरमे के बड़े-बड़े ढेर बनाए गए, जो आकर्षण का केंद्र बने। इसे बाद में उपस्थित श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें सभी भक्त भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन समिति की ओर से किए गए इंतजाम भीड़ आगे फीके नजर आए। इस कारण अव्यवस्था भी हुई लेकिन श्रद़्धालुओं ने किसी तरह धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगी। इधर, एसएसबी रोड पर बारहमासी नहर स्थित भक्त शिरोमणि संकट मोचन श्री बालाजी दरबार (मेहंदीपुर बालाजी मंदिर) में आयोजित 5 दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम का। इस उपलक्ष्य में हनुमान जयंती पर भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई, जिसमें आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ध्वज यात्रा के दौरान “जय श्री राम”, “जय श्री बालाजी”, “घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य आएगा” जैसे जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल बालाजी महाराज एवं महाकाली की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मंदिर परिसर पहुंचने पर अखंड भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सामूहिक हनुमान चालीस पाठ आयोजित
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर स्थानीय विनोबा बस्ती पार्क स्थित शिव मंदिर में गुरुवार को भक्ति एवं श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं ने मुख्य पुजारी ज्योतिषाचार्य शंकर गुर्जरगौड़ के नेतृत्व में सामूहिक रूप से करीब 150 मिनट में 2100 संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया। पुजारी शंकर गुर्जरगौड़ ने बताया कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तगणों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। सामूहिक पाठ के पश्चात्श्रृद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से बालाजी महाराज को रिझाया। इस दौरान मंदिर परिसर में देर शाम तक बाबा का अटूट भंडारा लगाया गया।
एल ब्लॉक हनुमान मंदिर में मनाया हनुमान जन्मोत्सव
एल ब्लॉक स्थित श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात:कालीन आरती से हुई, जिसके पश्चात सुबह 9.00 बजे विधिवत हवन आयोजित किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद सुबह 11.15 बजे हनुमान चालीसा के 11 पाठ शुरू किए गए, जो भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुए। ठीक दोपहर 12.00 बजे हनुमान जन्म के शुभ अवसर पर बधाइयां गाई गईं। इस दौरान छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं को फल प्रसाद भी वितरित किया गया। दोपहर 12.30 बजे भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो शाम 4.00 बजे तक निरंतर चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।