
सूरतगढ़ थर्मल/श्रीनगनानगर. सूरतगढ़ तापीय परियोजना की आवासीय कॉलोनी स्थित डीएवी उच्च माध्यमिक विद्यालय हिंदी माध्यम में चल रहे स्वच्छता एवम जलसंरक्षण जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार देर शाम को आवासीय कॉलोनी स्थित व्यवसायिक परिसर के बाहर बच्चों ने नाटिका के माध्यम से स्वच्छता का महत्व बताते हुए स्वस्थ्य रहने का सन्देश दिया।
विद्यालय की शिक्षक प्रभारी शिमला शर्मा ने बताया कि सोमवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय अभियान के तहत विद्यालय के शिक्षकों एवम विद्यार्थियों द्वारा कॉलोनी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो, श्रमिक बस्तियों, ढाणियों में जाकर नुक्कड़ नाटकों, गीत संगीत के माध्यम से लोगो को जल संरक्षण, साफ सफाई से स्वास्थ्य एवम दैनिक जीवन में इनके महत्व के बारे में बताया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को नजदीक की ग्राम पंचायत ठुकराना में विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक एवम नृत्य नाटिकाओं के माध्यम से स्वच्छता एवम खुले में शौच न करने के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित परियोजना के मुख्य अभियन्ता हरिबाबू गुप्ता ने विद्यालय के बच्चों द्वारा शिक्षा के साथ साथ किये जा रहे सामाजिक सरोकार के कार्यो की सराहना करते हुए कहा की स्वच्छता से व्यक्ति स्वस्थ रहता है, और स्वस्थ व्यक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाता है। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सुनील लवंगकर सहित परियोजना परिवार के सदस्य उपस्थित थे। इसके अलावा विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा बनाये गए कचरा पत्रों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन शाला अध्यापक विकास पारीक ने किया।