
श्रीगंगानगर। राजस्थान में सीमावर्ती श्रीगंगानगर में सामने आए हेरोइन तस्करी के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। जांच में पहली बार ऐसा कथित नेटवर्क सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी ने मिलकर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाने और उसे पंजाब के ड्रग सिंडिकेट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों में परिवारों की इस तरह की कथित संलिप्तता केवल नशा तस्करी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकती है।
पुलिस के अनुसार समेजा कोठी थाना क्षेत्र के सलेमपुरा निवासी जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी और उसकी पत्नी नवजोत कौर उर्फ ज्योति इस नेटवर्क के प्रमुख किरदार थे। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस का दावा है कि दंपती ने पिछले तीन माह में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए 80 किलो से अधिक हेरोइन मंगवाकर पंजाब के तस्करों तक पहुंचाई। हालांकि इस दावे का अभी अन्य साक्ष्यों से सत्यापन किया जा रहा है।
मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किसी केंद्रीय एजेंसी ने नहीं, बल्कि स्थानीय पुलिस के मुखबिर तंत्र ने किया। 27 जून को 10.5 किलो हेरोइन की नई खेप आने की सूचना मिली तो जैतसर और श्रीगंगानगर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर जस्सी और उसके साथी धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (लुधियाना) को करीब 10 किलो हेरोइन और डेढ़ लाख रुपए की नकदी के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया। दूसरी ओर समेजा कोठी थाना पुलिस ने नवजोत कौर को 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
जांच यहीं नहीं रुकी। पूछताछ में सामने आया कि इस नेटवर्क का तार दुबई के हवाला चैनल से भी जुड़ा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हवाला कारोबारी हरप्रीत सिंह उर्फ टेंजी ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान से खेप मंगवाने के लिए 9 लाख की अग्रिम राशि पहले हवाला के जरिए दुबई भेजी गई और वहां से पाकिस्तान पहुंचाई गई। पुलिस इस मामले में मुख्य सप्लायर बताए जा रहे अमरजीत सिंह उर्फ अम्बी उर्फ सरपंच और सिमरजीत सिंह उर्फ सिमर को भी गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े थे, ड्रोन ड्रॉपिंग के लिए कौन-कौन से स्थान चुने जाते थे और पंजाब तक सप्लाई की पूरी चेन कैसे संचालित होती थी।
कथित मास्टरमाइंड: जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी (सलेमपुरा)
साथी: पत्नी नवजोत कौर उर्फ ज्योति
तस्करी का तरीका: पाकिस्तान से ड्रोन ड्रॉपिंग
सप्लाई: पंजाब के ड्रग सिंडिकेट तक
दावा: तीन माह में 80 किलो से अधिक हेरोइन की सप्लाई
बरामदगी: करीब 10 किलो व 500 ग्राम हेरोइन
भुगतान: दुबई के रास्ते हवाला से पाकिस्तान
गिरफ्तार: जस्सी, ज्योति, धर्मेंद्र उर्फ बब्बू, हरप्रीत उर्फ टेंजी समेत कई आरोपी
सीमावर्ती क्षेत्र में पहली बार पति-पत्नी की ओर से कथित रूप से संचालित संगठित तस्करी नेटवर्क सामने आया है। ड्रोन, हवाला और अंतरराज्यीय सप्लाई चेन का एक साथ इस्तेमाल नई चुनौती माना जा रहा है। पूछताछ के दौरान इस दंपती ने पहले तीन बार से अधिक ड्रोन से हेरोइन खेप मंगवाने की बात स्वीकारी है। हालांकि इससे जुड़े लोगों की धरपकड़ की जा रही है। बॉर्डर एरिया के ग्रामीण एरिया में ऐसे दंपती के तस्करी खेल में शामिल होना ज्यादा चिंता की बात है।
-हरीशंकर, पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर।