27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer News: एक ही परिवार के 4 लोगों के शव टांके में मिलने से फैली सनसनी, गांव में पसरा मातम

जैसलमेर जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र में रविवार रात हृदयविदारक घटना सामने आई। लोहारकी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल बन गया।
2 min read
Google source verification
farm pond

टांके में डूबने से पति—पत्नी और दो बच्चों की मौत। पत्रिका फाइल फोटो

जैसलमेर। जैसलमेर जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र में रविवार रात हृदयविदारक घटना सामने आई। लोहारकी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल बन गया। मामला रामदवेरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात करीब 9 बजे का है। घटना की सूचना मिलते ही रामदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मामला सामूहिक खुदकुशी का माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

थाना अधिकारी देवकिशन ने बताया कि ​​रविवार रात 9 बजे जसराज के भाई ने उसे पानी के टांके में कूदते हुए देखा। इस पर उसने शोर मचाया और परिजनों के साथ टांके पर आए। लेकिन तब तक चारों पानी में डूब गए थे। सूचना मिलते टांके के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने किया घटना स्थल का मौका मुआयना

पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से चारों शवों को टांके से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतकों में जसराज पुत्र जुगताराम सुथार (29), उनकी पत्नी निरमा सुथार (25), पुत्र भरत (10) और पुत्री मनीषा (5) शामिल है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल, घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपेंगी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतका के परिजनों को भी पुलिस ने सूचना भिजवा दी है।

लोहारकी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर

पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। जांच में सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे। इस दर्दनाक घटना से लोहारकी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीण इस बात से स्तब्ध है कि आखिर किन परिस्थितियों में परिवार को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दंपती में पारिवारिक विवाद चल रहा था।