
मोहनगढ़ के निचले इलाकों में भरा बरसाती पानी
जैसलमेर. गत दिनों के दौरान जैसलमेर शहर के साथ अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में सुखद बरसात होने से और बारिश के लिए लोगों की बढ़ी अपेक्षाएं रविवार को पूरी नहीं हुई। दिनभर आसमान में बादलों का घटाटोप छाया रहने के बावजूद वर्षा की साध पूरी नहीं हुई। इस दौरान हवा में 75 प्रतिशत तक आद्र्रता रहने से उमस ने आमजन का बेहाल कर दिया। वे पसीना-पसीना होते हुए आसमान की ओर ही तकते रह गए। देर शाम मौसम विभाग की ओर से जैसलमेर जिले में तीन घंटों के लिए बारिश व तेज मेघगर्जन आदि का औरेंज अलर्ट जारी किया गया। इस बीच दिन का अधिकतम तापमान 36.7 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गत शनिवार को जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से जगह-जगह पानी भर गया। शहर में भी निचले इलाकों में पानी जमा हुआ।
मोहनगढ़. क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होने से ग्रामीण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जल-भराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे तेज बारिश हुई। दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ और धूप निकलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद आसमान में फिर घने बादल छा गए। शाम करीब छह बजे बारिश का तेज दौर शुरू हुआ, जो लगभग एक घंटे तक मूसलाधार रूप से जारी रहा।लगातार बारिश के कारण कई निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। कच्चे रास्तों पर कीचड़ और जल-भराव होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई मार्गों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने पर किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आई। अच्छी वर्षा से फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ी है। वहीं जलभराव और रास्ते बाधित होने से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की संभावना के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पोकरण. क्षेत्र में बदलते मौसम के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। दो-तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद रविवार को बदले मौसम से दिनभर गर्मी के साथ उमस का असर रहा। जिससे आमजन का बेहाल हो गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को दिनभर रुक-रुककर हल्की व तेज बारिश का दौर चला था। इस दौरान दिनभर में 22 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद पूरी रात तेज ठंडी हवाएं चलती रही और मौसम सुहावना बना रहा। रविवार को सुबह आसमान साफ हो गया और सूर्य की तेज किरणें निकली। जिससे 8 बजे ही तापमान बढऩे लगा और मौसम में गर्मी का असर बढ़ गया। 10 बजे बाद गर्मी के साथ उमस बढऩे लगी। जिससे आमजन का बेहाल हुआ। दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई। दोपहर बाद आसमान में काली घटाएं छा गई और रिमझिम फुहारें चली, लेकिन दो मिनट बाद बंद हो गई। बादलों की आवाजाही से मौसम धूप छांव का बना रहा। देर शाम तक भी भीषण गर्मी व उमस का दौर जारी रहा। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में भी दो-तीन दिनों तक तेज बारिश का दौर चला। जिससे खेतों, तालाबों में पानी भर गया है। क्षेत्र के सांकड़ा, जैमला, जसवंतपुरा, माड़वा, भैंसड़ा, राजमथाई, सरदारसिंह की ढाणी, भणियाणा आदि गांवों में अच्छी बारिश हुई है। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरों पर रोनक नजर आ रही है। तालाबों में पानी की आवक से पशुपालकों के साथ ग्रामीण खुश है।
Updated on:
26 Jul 2026 08:46 pm
Published on:
26 Jul 2026 08:46 pm
