
जैसलमेर के गीता आश्रम चौराहा पर बारिश के दौरान सडक़ों पर बहता पानी।
जैसलमेर. मरुधरा की प्यास आखिरकार शनिवार को मेघों ने बुझा दी। कई दिनों से तपिश और उमस झेल रही स्वर्णनगरी पर जब बादल मेहरबान हुए तो शहर ही नहीं, आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी राहत और खुशी की लहर दौड़ गई। जैसलमेर, पोकरण, मोहनगढ़ तथा नहरी क्षेत्र में दिनभर रुक-रुककर हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। आसमान में छाए घने बादलों, ठंडी हवाओं और बरसती बूंदों ने गर्मी की तल्खी को धो डाला। लंबे इंतजार के बाद हुई इस बारिश ने आमजन के साथ किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी। शनिवार सुबह से ही आसमान पर बादलों का घना डेरा बना रहा।
हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई और फिर पूरे दिन कभी रिमझिम फुहारें तो कभी तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। दोपहर के समय भी मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। शाम ढलते ही बादलों ने एक बार फिर जोर पकड़ा और शहर के अनेक हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। बारिश के साथ चली शीतल हवाओं ने वातावरण को तरोताजा कर दिया। कई दिनों बाद लोगों ने उमस से राहत की खुली सांस ली। वर्षा का असर शहर की सडक़ों पर भी साफ दिखाई दिया।
शहर के गोपा चौक, हनुमान चौराहा, गीता आश्रम मार्ग, गड़ीसर मार्ग, रेलवे स्टेशन मार्ग और कलेक्ट्रेट मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में सावधानी बरतनी पड़ी, जबकि कई राहगीरों ने दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर रुककर बारिश थमने का इंतजार किया। लगातार बरसते पानी के कारण शहर की सडक़ों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बारिश के बाद शहर का नजारा पूरी तरह बदल गया। धूल से अटी सडक़ें धुल गईं और वातावरण में ताजगी घुल गई।
शाम को लोग घरों से बाहर निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बच्चों ने बारिश में भीगकर खुशियां मनाईं तो युवाओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में बारिश के बीच मौसम का लुत्फ उठाया। बाजारों में भी मौसम को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। उधर, पोकरण, मोहनगढ़ और आसपास के नहरी क्षेत्र में भी अच्छी वर्षा दर्ज होने से किसानों के चेहरों पर संतोष झलकने लगा। खेतों में नमी बढऩे से खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की उम्मीद है। किसानों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में भी मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो खेती को नई संजीवनी मिलेगी और उत्पादन बेहतर होने की संभावना बढ़ेगी।
रामदेवरा क्षेत्र में कई दिनों के इंतजार के बाद शनिवार शाम को बारिश हुई। अच्छी वर्षा से भीषण गर्मी एवं उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। वर्षा से मौसम सुहावना बना, वातावरण खुशनुमा हो गया। लगातार वर्षा से घरों के परनाले बहे, कस्बे की मुख्य सड़कें-गलियां पानी से तर हो गईं, सड़कों पर कुछ समय पानी बहता रहा। खेतों तक पानी पहुंचने से किसानों के चेहरों पर खुशी दिखी। यह वर्षा खरीफ फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, जिससे उनमें नई उम्मीद जगी। बालक, युवक एवं ग्रामीण घरों से बाहर निकले, वर्षा में भीगने का आनंद लिया। ग्रामीणों ने बारिश में नहाने का लुत्फ उठाया। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज हुई, शीतल हवाएं चलीं और गर्मी से राहत मिली। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार शाम की इस वर्षा ने मौसम का मिजाज बदला।
Updated on:
25 Jul 2026 08:58 pm
Published on:
25 Jul 2026 08:58 pm
