24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: स्वर्णनगरी में बरसी राहत की बूंदें, नहरी क्षेत्र में अच्छी बरसात से किसानों के चेहरों पर रौनक

जैसलमेर. स्वर्णनगरी में शुक्रवार शाम शीतल हवाओं के साथ हुई बारिश ने उमस से राहत दिलाकर मौसम को सुहावना बना दिया। शहर की सड़कें और गलियां बारिश से तरबतर हो गईं, जबकि नहरी क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। मानसून की इस मेहरबानी से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और खेतों में नई उम्मीद जाग उठी।
3 min read
Google source verification
jaisalmer rain photo

जैसलमेर. देर शाम आई बारिश से बदल गया मंजर।

जैसलमेर. स्वर्णनगरी में शुक्रवार देर शाम शीतल हवाओं के साथ आई बारिश ने मौसम को खुशगवार बनाते हुए शहरवासियों के दिल बाग-बाग कर दिए। दिन भर उमस और तपिश के बाद शाम को शहर का आसमान बादलों से ढंक गया। थोड़ी देर शीतल हवाओं का दौर चला और उसके बाद पहले धीमी और फिर तेज गति से हुई बूंदाबांदी ने सडक़ों व गलियों को तरबतर कर दिया। आसमान में बिजली की गर्जना के साथ कुछ दिनों के अंतराल के बाद आई इस बरखा-बहार ने एकबारगी मौसम को सुहाना बना दिया। दूसरी तरफ जिले के मोहनगढ़ सहित 192 आरडी, 31 बीडी और 23 पीडी सहित अन्य नहरी क्षेत्रों में बादलों से वर्षा के रूप में प्रकृति की मेहरबानी बरसी। जिससे चिंता में डूबे किसानों के चेहरों पर रंगत ला दी। मानसून की इस वर्षा से ग्रामीण क्षेत्रों के खेतों में एकदम से रौनक उत्पन्न हो गई।

रामदेवरा. दिनभर आसमान में काले बादलों की घनी घटाएं छाई रहीं, जिससे लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद बंध गई। उमस भरी गर्मी के बीच हर किसी की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट बदल ली। तेज और ठंडी हवाएं चलने से बादल बिखर गए और बिना बारिश किए ही आगे बढ़ गए। क्षेत्र में केवल हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को निराशा हाथ लगी। हालांकि तेज हवाओं से मौसम में कुछ देर के लिए ठंडक जरूर महसूस हुई और उमस से राहत मिली।


शाम को बूंदाबांदी से मौसम सुहावना

पोकरण. कस्बे में गुरुवार देर शाम हुई बारिश के बाद शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शाम को बूंदाबांदी का दौर चला। गुरुवार शाम तेज बारिश हुई थी। देर रात तक कई बार हल्की बूंदाबांदी व रिमझिम फुहारें भी गिरी। तहसील कार्यालय में लगे रेनगेज के अनुसार 8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी और उमस का मौसम बना हुआ था। दोपहर बाद घने बादल छाने लगे। शाम 6 बजे काली घनघोर घटाएं छा गई और तेज ठंडी हवा चलने लगी। जिससे मौसम सुहावना हो गया। करीब 7.30 बजे बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जो रुक रुककर काफी देर तक चलती रही। जिससे सड़कें तर हो गई।

मोहनगढ़ में एक घंटे से अधिक वर्षा, गर्मी से राहत, खरीफ फसलों व हरे चारे की उम्मीद

मोहनगढ़. क्षेत्र में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। एक घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर हुई झमाझम वर्षा से क्षेत्र तरबतर हो गया। इससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों व पशुपालकों के चेहरे खिल उठे। शाम तक वर्षा का दौर जारी था। पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही थी। शुक्रवार सुबह भी उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने से दिक्कतें बढ़ गईं। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे मौसम सुहावना हो गया। तेज आंधी के साथ घनी घटाओं ने दिन में ही अंधेरा कर दिया और कुछ ही देर बाद वर्षा शुरू हो गई। अच्छी वर्षा के बाद खेतों में नमी आने से किसानों ने खरीफ फसलों की तैयारी तेज कर दी है। कई किसान हल लेकर खेतों में उतर गए। किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार अच्छी वर्षा होती रही तो मूंगफली, बाजरा, मूंग, मोठ, ग्वार सहित अन्य खरीफ फसलों की पैदावार बेहतर होने की उम्मीद है। वर्षा से पशुपालकों में भी उत्साह है। लंबे समय से सूखे हालात के कारण हरे चारे का संकट था, लेकिन इस वर्षा के बाद चरागाहों में हरियाली आने और पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली।