
श्रीगंगानगर. सर्व समाज भाईचारा की ओर से सोमवार दोपहर को पाकिस्तान में स्थित श्रीननकाना साहिब में हुए हमले के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को चेतावनी दी। वहीं लोगों की ओर से जिला कलक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर उचित कार्रवाई करने व वहां अल्पसंख्यकों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
सर्व समाज भाईचारा, सिख संगत सहित अन्य लोग पहले स्टेशन रोड श्रीसिंह सभा गुरुद्वारे में एकत्रित हुए और वहां बैठक की। बैठक के बाद बारिश के दौरान ही लोग जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट के सामने पहुंचे और वहां पाकिस्तान के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में श्रीननकाना साहिब एवं पेशावर में हुए हमले की निंदा की गई। गुरुद्वारे का नाम बदलने की बात एक साजिश है। जो किसी भी रूप में स्वीकार नहीं है। हमले के खिलाफ लोगों की भावना को पाकिस्तान सरकार तक पहुंचाया जाए और पाकिस्तान में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बनाया जाए।
भाजयुमो के गुरवीर सिंह, पूर्व विधायक गुरजंट सिंह, भाजपा नेत्री विनीता आहूजा, भाजपा नेता बलदेव सिंह, स्वामी ब्रह्मदेव, बहादरचंद नारंग, संतवीर सिंह, गुरबलपाल सिंह, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजकुमार सोनी सहित अन्य लोग शामिल थे।
सांसद ने भी जताया रोष
पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद निहालचंद ने पाक में स्थापित ननकाना साहब गुरूद्वारे की घटना पर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि सिक्ख धर्म के पवित्र स्थानों को सुरक्षित रखना पाक सरकार की जिम्मेदारी है।
इस प्रकार की घटना की पुनर्रावृति न होए इसके लिए पाक सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बनाए रखना तथा उन्हें संरक्षण देना निर्धारित होना चाहिए।