-बस में सवार करीब 50 यात्री गर्मी में हुए बेहाल
हनुमानगढ़.
रोडवेज डिपो हनुमानगढ़ की अनुबंधित बस में सोमवार को बीच रास्ते में डीजल खत्म हो गया। ऐसे में भीषण गर्मी में यात्रियों को करीब आधा घंटा बीच सड़क पर बिताना पड़ा। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ से भरतपुर जाने वाली अनुबंधित बस सोमवार को भरतपुर से वापस हनुमानगढ़ आ रही थी। इसी दौरान गांव धन्नासर के पास बस में डीजल खत्म हो गया। यात्रियों ने बताया कि चालक-परिचालक बस से दूर जाकर फोन पर बात करते रहे।
जबकि यात्री बस के रूकने का कारण पूछते रहे। बाद में बताया गया कि डीजल खत्म होने के कारण बस रोक दी गई है। इस संबंध में डिपो के मुख्य प्रबंधक कर्मसिंह चौहान ने बताया कि बस में डीजल खत्म हो गया। वहीं सवारियों को पीछे आ रही रोडवेज की बस में बिठा दिया गया। बस में करीब 50 लोग सफर कर रहे थे। अलग-अलग बसों में यात्रियों को गतंव्य के लिए रवाना किया गया।
सूरज की तपिश से हर कोई झुलसा
हनुमानगढ़.
जिले में सोमवार को गर्मी का असर तेज हो गया। तापमापी पारे में उछाल आने के कारण पूरे दिन हनुमानगढ़ तपता रहा। लोग गर्मी से बचने का जतन करते रहे। लू के थपेड़े चलने से लोग परेशान दिखे। मौसम में गर्मी आते ही बाजार में ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई। मांग बढऩे के कारण डिस्कॉम को बिजली कटौती भी करनी पड़ रही है। कई निजी स्कूल संचालकों ने गर्मी बढऩे के कारण विद्यालय समय में कमी करने की मांग की है।
आत्म सम्मान सेवा संस्थान के सदस्यों ने सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें तापमान में अत्यधिक वृद्धि के मध्यनजर सरकारी व निजी विद्यालयों के समय में फेरबदल करने, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से पराली न जलाने की पालना करने आदि मांग रखी गई। ज्ञापन देने वालों में निपेन शर्मा, गुरदीप चहल, दीपक कुक्कड़, मनोज चांदोलिया, मुलखराज शर्मा आदि मौजूद रहे।
बस अड्डे पर पंखे नहीं
पीलीबंगा.
आईडीएमएसटी योजना के तहत लाखों रुपए से बने नए बस स्टैंड पर पंखे नहीं चलने से यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पालिका प्रशासन नए स्टैंड पर हो रही अव्यवस्थाओं के प्रति गंभीर नहीं है। स्टैंड पर सफाई व्यवस्था माकूल नहीं होने से चारों ओर गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। सुलभ कॉम्पलेक्स की भी नियमित सफाई नहीं हो रही।