श्री गंगानगर

…अब हर पंचायत होगी ई-पंचायत

-श्रीकरणपुर पंचायत समिति में ग्राम सेवक व अन्य कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण

2 min read
training

श्रीकरणपुर.

पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को गुड गर्वनेंस, ई-पंचायत व ग्राम पंचायत विकास नियोजन (जीपीडीपी) संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसमें सभी पंचायतों के ग्राम सचिव, कनिष्ठ लिपिक व तकनीकी सहायक आदि कार्मिक शामिल हुए। पंचायत समिति प्रधान अमृतपाल कौर बराड़ ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण का लाभ अवश्य उठाना चाहिए। ताकि अधिकाधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

जिला परिषद के एक्सईएन प्रेमसुंदर अग्रवाल ने बताया कि मनरेगा के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में सात रजिस्टरों का संधारण होगा। वही प्रत्येक विकास कार्य के पूर्ण होने पर वहां नागरिक सूचना पट्ट लगाया जाएगा। जिस पर योजना की जानकारी, कार्य पूरा होने की तिथि और व्यय राशि आदि का ब्यौरा लिखा जाएगा। एपीएम सतवंत संधू ने ई-पंचायत के संबंध में तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पायलट योजना के तहत 15 ओ ग्राम पंचायत पहले ही ई-तकनीक से जुड़ी है। शीघ्र ही पंचायत समिति की अन्य ग्राम पंचायतों को भी इससे जोड़ दिया जाएगा।


जिला परिषद के पंचायत प्रसार अधिकारी मनोज मुजराल ने ग्राम पंचायत विकास परियोजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्यों का अनुमोदन ग्राम सभा में हो जाना चाहिए। ताकि वरीयता के अनुसार निस्तारण किया जा सके। उन्होंने जीपीडीपी योजनान्र्तगत गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, स्वास्थय, लैंगिक समानता, स्वच्छता, विद्युत बचत, रोजगार व अन्य क्षेत्रों में किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बीडीओ सुखमंदर सिंह, पीईओ दलजीतसिंह संधू, प्रीतपाल सिंह, हरजीतसिंह हुंदल, मनरेगा ब्लॉक प्रभारी दुष्यंत शर्मा आदि ने भी विचार रखे।

प्रधान ने उठाया भवन निर्माण का मुद्दा...
प्रशिक्षण के दौरान प्रधान बराड़ ने कहा कि पंचायत समिति का सभागार करीब 57 साल पुराना है। वर्तमान में जनप्रतिनिधियों व कार्मिकों की संख्या के हिसाब से यह छोटा है। वहीं जर्जर हालत में है। प्रधान ने कहा कि इसके लिए पिछले तीन वर्षों में कई बार प्रस्ताव बनाकर भेजा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने तकनीकी कार्मिकों को जिला परिषद के मार्फत किसी मद में निर्माण करवाने की बात कही।

Published on:
16 Jan 2018 08:17 pm
Also Read
View All