-एमजेडी क्षेत्र की करीब पांच दर्जन से अधिक ढ़ाणियों के वाशिन्दों को लम्बे समय से पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है।
सादुलशहर.
एमजेडी क्षेत्र की करीब पांच दर्जन से अधिक ढ़ाणियों के वाशिन्दों को लम्बे समय से पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है। जिस कारण ढ़ाणियों के वाशिन्दों इस भीषण गर्मी में आसपास से पानी की व्यवस्था करते हैं। एक ओर सरकार गांव-गांव व ढ़ाणी-ढ़ाणी तक मूलभूत सुविधाऐं उपलब्ध करवाने का दावा कर रही है तो दूसरी ओर पीने का पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ढ़ाणियों के वाशिन्दें परेशान हैं। अनेक बार शासन व प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम पंचायत बहरामपुरा बोदला (कालवासिया) के चक 25 एमजेडी व 31 पीटीपी की करीब 5 दर्जन से अधिक ढ़ाणियां हैं। इन ढ़ाणियों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की दृष्टि से गांव लालबाई की जल प्रदायी योजना से पेयजल पाईप लाईन बिछाकर चक 25 एमजेडी के जीएलआर तक स्कूल के लिए पाईप लाईन जाती थी।
यह पाईप लाईन एमजेडी वितरिका के पक्का होने के कार्य के चलते बंद हो गई थी, तब से आज तक पेयजल पाईप लाईन को जोडऩे का कार्य अभी तक नहीं किया गया है तथा परिणाम यह है कि तब से लेकर आज तक इन ढ़ाणियों के वाशिन्दों के लिए पेयजल की समस्या परेशानी का सबब बनी हुई है। यह भी उल्लेखनीय है कि इन ढ़ाणियों से हनुमानगढ़ जिले की ग्राम पंचायत माणुका की दूरी करीब 1.50 किमी है तथा छापांवाली भी नजदीक है। यह ढ़ाणियां ग्राम पंचायत बहरामपुरा बोदला के अधीन आती है, जिसकी दूरी काफी अधिक है।
ग्राम पंचायत सरपंच कुलदीप कौर धालीवाल का कहना है कि इन ढ़ाणियों में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पंचायत समिति की बैठकों में समस्या उठायी जा चुकी है तथा समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी ओर जलदाय विभाग के सहायक अभियन्ता जसवन्त सिंह औलख ने इस बाबत बताया कि एमजेडी वितरिका के पक्का करने के कार्य के दौरान यह पाईप लाईन खत्म हो गई थी, अब विभाग की ओर से नई पाईप लाईन शीघ्र ही 25 एमजेडी के जीएलआर तक डाली जाएगी। यह जीएलआर लालबाई जल प्रदाय योजना से जुड़ा हुआ है।