
- हनुमानगढ़, नोहर और भादरा क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा लाभ
श्रीगंगानगर.
जिला मुख्यालय से जल्द ही चार नई ट्रेनों का संचालन होने की उम्मीद बढ़ गई है। इनमें श्रीगंगानगर से हनुमानढ़ होते हुए जोधपुर , श्रीगंगानगर-सीकर एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ होते हुए दिल्ली के लिए नई इंटरसिटी शामिल हैं। इसके अलावा बीकानेर-सिकंदराबाद द्वि-साप्ताहिक ट्रेन को श्रीगंगानगर तक विस्तारित करने पर सहमति बनी है। श्रीगंगानगर-सीकर एक्सप्रेस और दिल्ली इंटरसिटी नोहर और भादरा होकर जाएगी, जिससे इन इलाके के लोगों को फायदा होगा।
जयपुर में शनिवार को हुई उत्तर पश्चिम रेलवे की मण्डलीय समिति की बैठक में भाग लेकर लौटने पर सांसद निहालचंद ने बताया कि श्रीगंगानगर-जोधपुर-श्रीगंगानगर (वाया हनुमानगढ़), श्रीगंगानगर-सीकर-श्रीगंगानगर वाया हनुमानगढ़, गाड़ी संख्या 17037/17038 (बीकानेर-सिकंदराबाद) द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस गाड़ी को वाया कैनाललूप चलाने पर मण्डलीय समिति की बैठक में सहमति बन गई है। अब इसे मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। मंजूरी आने के बाद ही इन नई रेल सेवाओं का शुभारंभ होगा। इसी तरह दिल्ली-श्रीगंगानगर-दिल्ली (वाया हनुमानगढ़) के लिए एक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्रस्ताव को सहमति के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
हाल्ट स्टेशनों पर होगा ठहराव
पृथ्वीराजपुरा, बुधसिंहवाला, सरदारगढ़ व डबलीराठान रेलवे स्टेशनों पर पैसेंजर गाडिय़ों के ठहराव के लिए सहमति बन गई है। जल्द ही इन स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था की जाएगी।
स्टेशनों पर बनेंगे फुट ओवरब्रिज
हनुमानगढ़ जंक्शन और संगरिया स्टेशन पर भी वर्ष 2018-19 के प्रस्ताव कार्यों में एक-एक फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। 14 करोड़ रुपए की लागत से गजसिंहपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जंक्शन, डबलीराठान, केसरीसिंहपुर व पीलीबंगा रेलवे स्टेशनों पर भी एक-एक फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा।
हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के प्लेटफार्म नं. 1 पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से एक-एक स्वचालित सीढिय़ां (एसकेलेटर) लगाई जाएंगी।
हनुमानगढ़ में वाशिंग लाइन
सांसद निहालचंद ने हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक नई वाशिंग लाइन का निर्माण किए जाने की मांग भी रखी। बीकानेर-नादेड़ -बीकानेर एक्सप्रेस को हनुमानगढ़ होते हुए श्रीगंगानगर तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर समिति ने विचार करने का आश्वासन दिया।
नई ट्रेनों के लिए मुख्यालय को पूर्व में प्रस्ताव भेजे गए थे। मंजूरी आने पर नई ट्रेनों का संचालन होने की उम्मीद है।
अभय शर्मा, सीनियर डीसीएम, बीकानेर ? मंडल, बीकानेर