11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ी अपडेट, 100 से ज्यादा संदिग्ध रडार पर, आखिर किसकी साजिश?

श्रीगंगानगर जिले में 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 11 Nov 2026, 4:46 PM IST

sriganganagar railway track blast

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ी अपडेट (पत्रिका फोटो)

Sriganganagar Railway Track Blast: श्रीबिजयनगर (श्रीगंगानगर): रामसिंहपुर क्षेत्र में 50 जीबी के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जांच एजेंसियों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रामसिंहपुर थाना पुलिस को मामले की तह तक पहुंचने और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के निर्देश दिए।

एडीजी बीजू जॉर्ज जोसेफ, आईजी विजिलेंस राजेंद्र, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी, एटीएस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार दादरवाल, सीआईडी की दीक्षा कमरा और जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास की स्थिति का निरीक्षण कर घटना से जुड़े संभावित सबूतों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद रामसिंहपुर थानाधिकारी राम प्रताप माहर को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जांच के लिए गठित की गई अलग-अलग टीमें

रामसिंहपुर थानाधिकारी राम प्रताप माहर ने बताया कि जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी के निर्देशन में अलग-अलग टीमें गठित कर जांच की जा रही है। टीमें संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रामसिंहपुर थाना पुलिस की ओर से भी दो अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा आसपास रहने वाले लोगों और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी रखने वालों से पूछताछ की जा रही है।

इस मामले की जांच के दौरान टीमों ने 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। इस दौरान घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस आसपास के इलाके में आने-जाने वाले लोगों, संदिग्ध गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुरानी घटनाओं की केस स्टडी, जांच के दायरे में कई पहलू

रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियां पंजाब सहित अन्य क्षेत्रों में पूर्व में हुई इस तरह की घटनाओं की केस स्टडी भी कर रही हैं। इन घटनाओं का अध्ययन करने के बाद जांच एजेंसियों ने अपनी पड़ताल का दायरा बढ़ाते हुए कई पहलुओं को जांच के दायरे में शामिल किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आतंकी गिरोह की ओर से रेलवे ट्रैक जैसे संवेदनशील स्थान को निशाना बनाए जाने की धमकी को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। विभिन्न जांच एजेंसियां आपसी समन्वय से काम कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों और एजेंसियों के निरीक्षण के बाद स्थानीय पुलिस को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

अभी तक गिरफ्तारी नहीं

इस मामले में सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध सबूतों के आधार पर घटना से जुड़े लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी या आरोपी की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। जांच की दिशा में कई पहलुओं का गहनता से विश्लेषण किया जा रहा है।
-हरिशंकर, जिला पुलिस अधीक्षक, श्रीगंगानगर