14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan News: महिला TTE से भिड़ गए बिना टिकट पकड़े गए अग्निवीर, ट्रेन में 20 मिनट तक हंगामा; फिर ऐसे शांत हुआ विवाद

Agniveer Clash With Female TTE: ट्रेन में बिना टिकट सफर करना और ऊपर से टिकट जांचने पहुंची महिला टीटीई से ही उलझ जाना। श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में ऐसा ही घटनाक्रम देखने को मिला।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 14 Nov 2026, 8:20 AM IST

Agniveer Clash With Female TTE

महिला टीटीई से भिड़ गए अग्निवीर। फोटो: पत्रिका

श्रीगंगानगर। ट्रेन में बिना टिकट सफर करना और ऊपर से टिकट जांचने पहुंची महिला टीटीई से ही उलझ जाना। श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में ऐसा ही घटनाक्रम देखने को मिला। जांच के दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे दो अग्निवीरों के पास टिकट नहीं मिली। महिला टीटीई ने नियमानुसार टिकट बनाने और प्रति यात्री 500 रुपए जुर्माना लगाने की बात कही तो दोनों बहस करने लगे।

विवाद बढ़ा तो अग्निवीरों ने कथित तौर पर कहा- 'चालान बनाओ, पेनल्टी नहीं देंगे।' इस पर टीटीई ने भी दो टूक जवाब दिया कि जब पेनल्टी नहीं दे रहे तो चालान बनाया जाएगा और इसकी सूचना आपके अधिकारियों तक भी पहुंचेगी। करीब 20 मिनट तक चली बहस के बाद आखिरकार महिला टीटीई ने बीकानेर रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी और सूरतगढ़ स्टेशन पर आरपीएफ की मदद से दोनों को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया। सेना के अधिकारियों ने 650 रुपए की टिकट व पेनल्टी राशि जमा करवाकर मामला शांत करवाया।

मेरठ से रात में पहुंचे, सुबह टिकट लिए बिना पकड़ ली ट्रेन

मामला शुक्रवार सुबह करीब 7.50 बजे श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही दिल्ली-सराय रोहिल्ला बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेन का है। टीटीई नाजू अरोड़ा के अनुसार श्रीकरणपुर और केसरीसिंहपुर के बीच सुबह करीब 8.25 से 8.45 बजे टिकट जांच के दौरान जनरल कोच में बैठे दो युवकों से टिकट मांगा तो वे नहीं दिखा पाए। दोनों ने बताया कि जल्दबाजी में ट्रेन पकडऩे के कारण टिकट नहीं ले सके। पूछताछ में सामने आया कि वे रात करीब 12.05 बजे मेरठ से श्रीगंगानगर पहुंचे थे। इसके बाद सुबह बीकानेर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए। टीटीई ने सवाल उठाया कि रात में श्रीगंगानगर पहुंचने के बाद सुबह तक टिकट लेने का पर्याप्त समय था, फिर बिना टिकट यात्रा क्यों की?

वीडियो बनाने लगे अग्निवीर, सहयोगी टीटीई भी पहुंचे

टीटीई के मुताबिक टिकट बनाने और जुर्माना भरने की बात पर दोनों अग्निवीरों ने विरोध शुरू कर दिया। बहस बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला बढ़ने पर टीटीई के सहयोगी टीटीई प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों अग्निवीर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। महिला टीटीई ने इसकी सूचना बीकानेर कंट्रोल रूम को दी, ताकि अगले स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाई जा सके।

सूरतगढ़ में आरपीएफ-जीआरपी पहुंची, सेना के अधिकारी भी आए

ट्रेन के सूरतगढ़ पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को बुलाया गया। इसके बाद दोनों अग्निवीरों को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया। बताया गया कि दोनों सूरतगढ़ आर्मी कैंट के सिग्नल विभाग में तैनात हैं। सेना के एमसीओ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद बठिंडा से बीकानेर तक की यात्रा के लिए एक अग्निवीर की 650 रुपए की टिकट व पेनल्टी राशि जमा करवाई गई। इसके बाद मामला शांत हुआ।