
-गुरुवार देर रात शहर के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी
श्रीगंगानगर.
इलाके में मौसम के तेवर अब भी दिन में धूप और रात को ठंडक वाले हैं। गुरुवार आधी रात के बाद शहर के कुछ इलाकों में हुई हलकी बूंदाबादी ने शुक्रवार को हलका सर्द कर दिया। हालांकि बाद में खिली धूप से गर्मी का असर ही अधिक नजर आया। देर रात आई हुई इस बूंदाबांदी को मौसम विभाग ने ट्रेस नहीं किया है।
मौसम विशेषज्ञ इसे स्थानीय स्तर पर हुई बादलवाही का नतीजा बता रहे हैं। उनका कहना है इन दिनों में तापमान के लगातार बढऩे के ही आसार हैं। यह मौसम के बदलाव का दौर है। गुरुवार देर रात हुई बूंदाबांदी का असर देर तक रहने वाला नहीं है अगले कुछ दिन में गर्मी और बढ़ सकती है।
चलने लगे पंखे
इस बीच तापमापी का पारा शुक्रवार को 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और इसके साथ ही मौसम पर इसका असर भी नजर आने लगा है। अब तक हलकी सर्दी से बचाव की कोशिश कर रहे लोग अब धीमी गति से पंखे भी चलाने लगे हैं वहीं सड़कों के किनारे लगे ज्यूस कॉर्नर भी मौसम में बदलाव का संकेत दे रहे हैं।
अब बढ़ता रहेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी एमएल रिणवां के अनुसार गुरुवार रात मौसम में आया बदलाव स्थानीय परिस्थितियों का नतीजा था। इन दिनों तापमान बढऩे की ही संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ सकता है।