https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/
-खेल कूद प्रतियोगिताओं में म्यूजिक चेयर, बोरी दौड़ व रस्साकसी के रोचक मुकाबले हुए
सूरतगढ़/रायसिंहनगर. लोकसभा चुनाव को लेकर सतरंगी कार्यक्रम के तहत बुधवार को महिला मार्च व मानव श्रृंखला कार्यक्रम के माध्यम से 6 मई को मतदान करने का संदेश दिया गया। इन्द्रा सर्किल चौराहे पर सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाई। पंचायत समिति के विकास अधिकारी विनोद रेगर ने सभी मतदाताओं को शपथ दिलाई।
इस मौके पर तहसीलदार प्रदीप कुमार, नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी लालचंद सांखला, सीबीईओ मोहनलाल जाट आदि मौजूद रहे। मंच संचालक संजीव भारद्वाज ने सभी मतदाताओं को अधिकाधिक संख्या में मतदान करने का संदेश दिया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे समाज कल्याण छात्रावास से उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तक साइकिल रैली भी निकाली जाएगी।
रायसिंहनगर. मतदाता जागरुकता अभियान के तहत करीब 750 कार्मिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर दा ट्री आफ डेमोक्रेसी से मतदाताओं को मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अनेक प्रकार की खेल कूद प्रतियोगिताएं एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वाधान में पंचायत समिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रंगोली बनाई तथा मानव श्रृंखला बनाई।
कार्यक्रम में जिला ब्रेंड अम्बेस्डर जूडो कोच शेर सिंह, एसडीएम संदीप काकड़, पंचायत समिति के विकास अधिकारी एवं नोडल स्वीप प्रभारी अभिमन्यु चौधरी, नगरपालिका के ईओ संदीप बिश्रोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में मतदाता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एक पेड़ बनाया गया जिस पर मानव श्रृंखला बनाई गई। कार्यक्रम के दौरान हुई खेल कूद प्रतियोगिताओं में म्यूजिक चेयर, बोरी दौड़ व रस्साकसी के रोचक मुकाबले हुए।
रस्साकसी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने छात्रा वर्ग की टीम को पराजित किया एवं कृषि विभाग की टीम ने पंचायती राज की टीम को जोरदार मुकाबले में हरा दिया। इस दौरान 6 मई को मतदान अवश्य करने के लिए बार-बार प्रेरित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 11 टीके व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के स्काउट छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान का महत्व बताया।
खेल कूद प्रतियोगताओं को शारीरिक शिक्षक अमरजीत शर्मा, कुलदीप कौर व सुमन अदलखा ने सम्पन्न करवाया जबकि कार्यक्रम का संचालन स्वीप सहायक भूपेन्द्रसिंह व रवि खरेरा ने किया।