
रावलामंडी (अनूपगढ़). समर्थन मूल्य पर सरसों खरीद की मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों ने करीब 2 घंटे कामकाज ठप रखा। देर शाम समर्थन मूल्य पर सरसों खरीद में अब 1.20 रुपए के स्थान पर 1.80 रुपए प्रति बैग मजदूरी देने पर सहमति बनी।
यह फैसला देर शाम बाबूलाल, बालवीर, धन्नाराम, विनोद, हंसराज और संजय कुमार के साथ खरीद एजेंसी क्रय विक्रय सहकारी समिति व्यवस्थापक गिरधारीलाल सहारण, घड़साना समिति अध्यक्ष विजेंद्र भांभू के बीच हुआ। धानमंडी के श्रमिकों ने सरसों की खरीद में काम नहीं करने की चेतावनी दी थी। श्रमिकों ने विरोध जताते हुए कहा कि उनकी मजदूरी बढ़ाने के बाद ही सरसों तौल का काम शुरू होगा। मजदूरी बढ़ाने का फैसला होने पर श्रमिकों ने नियमित काम शुरू करने का फैसला दिया।
------------------------
समर्थन मूल्य से नीचे बिक रही सरसों
समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होने के बावजूद मंडी में सरसों एमएसपी से नीचे बिक रही है। इससे किसानों को करीब 800 से 1000 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है। सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5650 रुपए है। कृषि उपज मंडी में अभी 4800 से 5000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव चल रहा है। राज्य सरकार ने एमएसपी पर सरसों खरीद के लिए एक जन आधार कार्ड पर 25 क्विंटल की सीमा तय की है।