10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्रीगंगानगर सड़क हादसा: दोस्त के सिर बंधना था सेहरा, पर घरों में पसरा मातम; शादी की खरीदारी करने निकले 3 दोस्तों की मौत

Sriganganagar Road Accident: श्रीगंगानगर जिले में दोस्त की शादी के लिए कपड़े खरीदने जा रहे तीन युवकों की नेतेवाला के पास NH-62 पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक को झपकी आने से ट्रक कार से टकरा गया। हादसे के बाद पूरे बींझबायला गांव में मातम छा गया।
2 min read
Google source verification
Sriganganagar Road Accident Three Friends Killed

श्रीगंगानगर में 3 दोस्तों की मौत (पत्रिका फोटो)

Sriganganagar Road Accident Three Friends Killed: राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां दोस्त की शादी की खुशियां पल भर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर नेतेवाला गांव के पास शुक्रवार दोपहर को हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की असामयिक मौत हो गई।

बता दें कि ये तीनों युवक अपने एक करीबी दोस्त की शादी के लिए रेडीमेड कपड़े खरीदने कार से श्रीगंगानगर आ रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। शुरुआती जांच के अनुसार, ट्रक चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई।

झपकी बनी काल, बुरी तरह पिचक गई कार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रक श्रीगंगानगर से कैंचियां की तरफ जा रहा था। इसी दौरान नेतेवाला के पास ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रही कार में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह पिचक गई। कार में सवार तीनों युवक मलबे के बीच गंभीर रूप से फंस गए और लहूलुहान हो गए।

हादसे को देख मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया और तुरंत श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान

अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप लूणा (निवासी 48 एलएनपी), 27 वर्षीय मोनू वर्मा उर्फ ओमप्रकाश वर्मा और 25 वर्षीय कुलदीप सिंह (दोनों निवासी बींझबायला गांव) के रूप में हुई है। जैसे ही इस भयावह हादसे की खबर बींझबायला गांव में मृतकों के परिजनों तक पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। देखते ही देखते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में कोहराम मच गया।

आधे घंटे में उजड़ गईं दुनिया

परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि आगामी 12 तारीख को गांव में ही उनके एक परम मित्र की शादी होनी थी। शादी को लेकर युवाओं में भारी उत्साह था। अचानक ही शुक्रवार को तीनों ने शादी के लिए नए कपड़े खरीदने का प्लान बनाया। प्रदीप अपनी कार लेकर आया और दोनों दोस्तों को साथ बिठाकर खुशी-खुशी बींझबायला से श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुआ था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि घर से निकलने के महज आधे घंटे बाद ही मौत उन्हें गले लगा लेगी।

पुलिस प्रशासन मौके पर, मामला दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए चूनावढ़ थाना प्रभारी रामप्रताप, श्रीगंगानगर सदर थाना प्रभारी सुभाषचन्द्र और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है। इस बीच, मृतक प्रदीप लूणा के भाई संदीप की शिकायत पर चूनावढ़ थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और थकान की हालत में वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।