श्रीगंगानगर.बदलती नौकरियों और शिक्षा अवसरों के परिदृश्य के बीच राजस्थान पत्रिका की ओर से श्रद्धेय कपूरचंद कुलिश जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित बीएससी नर्सिंग राजकीय महाविद्यालय में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन राजस्थान पत्रिका एवं बीएससी नर्सिंग राजकीय महाविद्यालय की ओर से किया […]
श्रीगंगानगर.बदलती नौकरियों और शिक्षा अवसरों के परिदृश्य के बीच राजस्थान पत्रिका की ओर से श्रद्धेय कपूरचंद कुलिश जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित बीएससी नर्सिंग राजकीय महाविद्यालय में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन राजस्थान पत्रिका एवं बीएससी नर्सिंग राजकीय महाविद्यालय की ओर से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों,नर्सिंग ट्यूटर एवं स्टाफ ने भाग लिया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.शिवइंद्रपाल सिंह बराड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि विद्यार्थी ऐसे आयोजनों से प्राप्त सीख को अपने करियर और व्यक्तित्व निर्माण में अपनाएं। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया।
राजकीय जिला चिकित्सालय के विभागाध्यक्ष एनेस्थिसियोलॉजी डॉ.राजेंद्र गर्ग ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार नहीं,बल्कि सेवा,समर्पण और मानवीय संवेदनाओं का श्रेष्ठ उदाहरण है। आज चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा में विशेषज्ञता,अनुसंधान,अस्पताल प्रबंधन, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं और अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने व्यावसायिक नैतिकता और सामाजिक दायित्व को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ईमानदारी,अनुशासन और रोगी की गरिमा का सम्मान ही सच्चे स्वास्थ्यकर्मी की पहचान है। युवाओं को स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अध्ययन और नेतृत्व क्षमता विकसित करनी चाहिए।
राजकीय मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर (एनेस्थिसियोलॉजी) एवं ऑर्गन डोनेशन कोऑर्डिनेटर डॉ. अनिशा गुप्ता ने कहा कि नर्सिंग अब केवल रोगी देखभाल तक सीमित नहीं है। क्रिटिकल केयर, कार्डियक, ऑन्कोलॉजी, नियोनेटल,मनोरोग और इमरजेंसी नर्सिंग सहित नर्स प्रैक्टिशनर, नर्स एजुकेटर,हॉस्पिटल मैनेजमेंट,इन्फॉर्मेटिक्स नर्सिंग और क्लिनिकल रिसर्च जैसे क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और कौशल विकास को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र भी हुआ,जिसमें करियर और नेतृत्व से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा की गई। संचालन नर्सिंग ट्यूटर मंजू पंवार ने किया। कार्यक्रम में नर्सिंग ट्यूटर व अन्य स्टाफ में सरोज रानी,जगमीत कौर,राधेश्याम,डिंपल यादव,मनीषा गुप्ता,ज्योति बालाजी रमनदीप कौर व राजपाल आदि भी शामिल हुए।