- पुलिस तैयार करवा रही स्पेशल बाइक्स
श्रीगंगानगर.
शहर में छेड़छाड़ रोकने व स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा मुख्य बाजारों में गश्त व कार्रवाई करने के लिए पुलिस की ओर से महिला पुलिसकर्मियों की एक स्पेशल गश्त टीम तैयार की जा रही है।जो महानगरों की तरह ही पुलिस की नई बाइक पर गश्त करेंगी। इसको लेकर पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि गश्त के लिए ऐसी बाइक्स तैयार कराई जाएंगी, जैसी इंग्लैण्ड की पुलिस गश्त के लिए उपयोग करती है। पुलिस इन बाइक्स को नया लुक देने के लिए दिल्ली से एसेसरी मंगवा रही है।फिलहाल चार ऐसी बाइक्स तैयार करना प्रस्तावित है, जिनमें आगे बड़ा शीशा लगा होगा और सायरन, लाइटिंग आदि की व्यवस्था होगी। इन बाइक्स को चलाने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों के लाइसेंस, कागजात आदि भी तैयार कराए जा रहे हैं। एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी होंगी। इन बाइक्स से शहर के मुख्य बाजारों, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर आदि के आसपास गश्त की जाएगी। छेड़छाड़, युवतियों का पीछा करने वाले, वहां खड़े रहने वाले युवकों व बाजार में पीछा करने वाले युवकों पर कार्रवाई की जाएगी।
आठ महिला पुलिसकर्मी करेंगी गश्त
- थानों व पुलिस लाइन में तैनात ऐसे महिला पुलिसकर्मियों का चयन किया गया, जो बाइक्स आदि चलाने में एक्सपर्ट हैं। प्रथम चरण में चार बाइकों पर आठ महिला पुलिसकर्मी गश्त करेंगी। इसके लिए पुलिस लाइन में इनको प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए चार नई बाइक मंगाई गई हैं।
पुलिसकर्मियों की वर्दी होगी अलग
- शहर में बाइक पर गश्त करने वाली महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी भी सामान्य वर्दी से अलग होगी। इनके लिए नई वर्दी तैयार कराई जा रही है। वर्दी में पेंट का डिजाइन कार्गों जींस जैस होगा। जिसमें कई पॉकेट लगाई जाएंगी। शर्ट में भी कई पॉकेट होंगी। इन पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में एक कमरा देने पर विचार चल रहा है।
वायरलैस व हथियार से होंगी लैस
- बाइकों में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को एक बाइक पर एक वायरलैस सेट उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, हेलमेट अनिवार्य होगा। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को हथियार भी दिए जाएंगे। वायरलैस सेट के जरिए गश्त के दौरान कोई भी सूचना पुलिस कंट्रोल व अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगी।