
श्रीगंगानगर.
छेड़छाड़ व छीनाझपटी की घटनाओं के दौरान मुकाबला करने के लिए जहां छात्राओं व युवतियों को पुलिस की ओर से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं अब कामकाजी महिलाओं को भी पुलिस आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी। जिसकी शुरुआत मदर-डे से की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की ओर से जूडो कराटे और कई तरह के दांव पेचों में दक्ष दो महिला पुलिसकर्मी विद्यालयों में छात्राओं को लंबे समय से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही हैं। जिससे बालिकाओं में किसी भी घटना से मुकाबला करने का आत्म विश्वास पैदा हो। इसी तर्ज पर अब पुलिस की ओर से कामकाजी महिलाओं को भी आत्मरक्षा के गुर सिखाएं जाएंगे, जिससे उनमें भी आत्म विश्वास पैदा हो सके। इसी शुरूआत मदर-डे पर सुबह शहर के एक कॉलेज व शाम को दुर्गा मंदिर आदर्श पार्क में की जाएगी। इस दौरान युवतियां व महिलाएं इस प्रशिक्षण में भाग ले सकती हैं। इसके अलावा जिले के अन्य कस्बों में भी महिलाओं व युवतियों को इस तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे की महिलाएं व युवतियां छेड़छाड़ करने वाले व छीनाझपटी करने वालों को सबक सिखा सकें और अपना बचाव कर सकें। वहीं जरुरत पडऩे पर किसी की मदद कर सके। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व युवतियों में आत्म विश्वास पैदा करना है।
जहां 50 महिला एकत्रित होंगी वहीं जाएगी पुलिस
- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मरक्षा के गुर सीखने के लिए जिले में जहां भी एक स्थान पर पचास महिलाएं एकत्रित हो जाएंगी। वहीं महिला पुलिसकर्मियों की ओर से उनको गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए प्रशिक्षण लेने वाली महिलाएं पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सकती हैं।
विद्यालयों में छात्राओं को तो प्रशिक्षण दिया जा रहा है लेकिन अब पुलिस की ओर से कामकाजी व अन्य महिलाओं को अत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। जिसकी शुरुआत मदर-डे से होगी। मदर-डे पर शहर में एक निजी स्कूल में यह कार्यक्रम होगा और उसके बाद आदर्श पार्क में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-तुलसीदास पुरोहित, सीओ सिटी श्रीगंगानगर।