श्री गंगानगर

शिवपुर हैड, क्यू हैड और हिन्दुमलकोट को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

Preparing to make Shivpur Head, Q Head and Hindumalkot a tourist destination- सूरतगढ़ में एक शाम धोरो के नाम उत्सव आयोजन करने की योजना.

2 min read
शिवपुर हैड, क्यू हैड और हिन्दुमलकोट को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी,शिवपुर हैड, क्यू हैड और हिन्दुमलकोट को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

श्रीगंगानगर. जिले में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अब जिला प्रशासन ने आकर्षक प्लान की तैयारी शुरू कर दी है। भारत-पाक बॉर्डर से सटे हिन्दुमलकोट, शिवपुर हैड और क्यू हैड को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। वहां देशी-विदेशी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए निर्माण भी करवाए जाएंगे।

वहीं उनके ठहरने के लिए गेस्ट हाउस को विकसित किया जा सकेगा। इस संबंध में पर्यटन अफसरों की टीम ने हिन्दुमलकोट के पुराने रेलवे स्टेशन और शिवपुर हैड का जायजा भी लिया।

इससे पहले कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर जाकिर हुसैन की अगुवाई में हुई जिला पर्यटन विकास स्थायी समिति की बैठक में हिन्दुमलकोट चेक पोस्ट, हिन्दुमलकोट रेलवे स्टेशन, शिवपुर हैड और क्यू हैड को पर्यटन क्षेत्रों में शामिल करने की योजना पर गहन चर्चा हुई।

कलक्टर का कहना था कि एग्रो एण्ड ईको टूरिज्म की भी काफी संभावनाएं है। जनवरी माह में किन्नू के बागान देखने लायक होते है, ऐसे में देशी व विदेशी पर्यटकों को इस जिले का भ्रमण करवाया जाएं।

वहीं सूरतगढ़ क्षेत्र में एक शाम धोरो के नाम कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। बीकानेर में होने वाले ऊंट उत्सव के दौरान आने वाले पर्यटकों को भी श्रीगंगानगर से जोडऩे से यहां पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।

इस बीच बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि हिन्दुमलकोट चौकी में औसतन चार सौ सैलानी प्रतिदिन आते है। चौकी की गैलरी के साथ-साथ पार्क और पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था भी की गई है।

यहां तक कि पार्क में बच्चों के लिए झूले भी लगे है। रेल के अधिकारियों का कहना था कि हिन्दुमलकोट रेलवे स्टेशन आजादी से पहले का बना हुआ है। भारत पाकिस्तान के बीच यह रेलवे स्टेशन पर अधिक चहल पहल रहती थी। इस पुराने हो चुके स्टेशन को पर्यटन के लिए विकसित किया जा सकता है।

कलक्टर का कहना था कि अतिथि गृह योजना में जिले के किले, हवेलियां तथा अन्य निजी स्थानों को भी शामिल किया जा सकता है। शिवपुर हैड पर रेस्ट हाउस भी है, जिसे विकसित किया जा सकता है।

इसी प्रकार अनूपगढ़ किला भी है, जिसे पर्यटन विभाग वहां जाकर जायजा लेकर इसे पर्यटन के लिए काम में लिय जा सकता है। जिले में राजकीय अतिथि गृह योजना 2021 के तहत राजकीय गेस्ट हाउसों में देशी विदेशी सैलानियों को ठहराने के लिये व्यवस्थाएं करनी होगी।
इधर, तहसीलदार संजय अग्रवाल ने पर्यटन अधिकारी पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह और सहायक पर्यटन अधिकारी पवन कुमार शर्मा को शिवपुर हैड, क्यू हैड और हिन्दुमलकोट रेलवे स्टेशन का दौरा करवाया।

इस दौरान तहसीलदार ने शिवपुर हैड पर गंगनहर का अवलोकन कराया। यह नहर महाराजा गंगासिंह ने बनवाई थी।

पंजाब से यहां तक पानी लाने के लिए महाराजा गंगासिंह के प्रयासों और इतिहास के बारे में भी अवगत कराया। हिन्दुमल्कोट का पुराना स्टेशन का भी जायजा लिया गया। यह स्टेशन आजादी से पूर्व का बना हुआ है।

Published on:
17 Jul 2021 05:42 pm
Also Read
View All