
पीलीबंगा.
कस्बे में वाल्मीकि चौक के पास एक कोचिंग सेंटर पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आई युवती के साथ दो-तीन युवकों ने छेड़छाड़ की। विरोधस्वरूप लोग मौके पर एकत्रित हो गए व आरोपित युवकों को घेर लिया। इसके बाद कोचिंग सेंटर व्यवस्थापक ने बीच-बचाव कर आरोपितों को अंदर बैठा लिया। बाद में युवक कोचिंग सेंटर से फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंंची व युवकों को फरार करवाने में सहयोग देने वाले कोचिंग सेंटर के दो-तीन कार्मिकों को थाने ले गई। जानकारी के अनुसार युवती मंगलवार दोपहर कोचिंग सेंटर पर आई और उसका पति उस समय उसके साथ था। पति कोचिंग सेंटर के पास युवती को छोड़ एक बैंक शाखा में चला गया इस बीच दो-तीन युवक आए व युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगे। युवती का पति बैंक शाखा से बाहर आया तो युवक युवती के साथ बातचीत कर रहे थे। पति ने एतराज किया तो कोचिंग सेंटर का व्यवस्थापक बीच-बचाव करते हुए मौके पर आया व युवकों को सेंटर में ले गया तथा सेंटर से उन्हें इधर-उधर कर दिया।
इस पर युवती के परिजनों व अन्य लोंगों को इसकी भनक लग गई तथा उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कोचिंग सेंटर व्यवस्थापक को आड़े हाथों ले लिया। अधिक विरोध होने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर आई पुलिस कोचिंग सेंटर के कार्मिकों को थाने ले गई। जानकारी के अनुसार युवक खरलियां गांव के बताए गए व वे तीन-चार दिन से युवती का पीछा कर रहे थे। मंगलवार को मौका मिलते ही उन्होनें युवती के साथ छेड़छाड़ की। बाद में मामला अधिक गहरा गया।
थाने पहुंचे परिजन
घटना के बाद युवती के परिजन व परिचित लोग थाने में पहुंच गए व युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई। विवाहिता के पति ने पुलिस थाने में दो-तीन युवकों के खिलाफ पत्नी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में परिवाद दिया।
अश्लील हरकतें करने के आरोप में मुकदमा
पीलीबंगा.
बड़ोपल में महिला ने रिश्तेदार पर उसके साथ अश्लील हरकतें करने व रिश्तेदार ने महिला सहित अन्य दो-तीन जनों पर भूखंड विवाद को लेकर परस्पर मुकदमा दर्ज करवाया। बड़ोपल निवासी टिकूसिंह रायसिख ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई मंगलसिंह उससे अलग रहता है। वह अपने पिता को भाई मंगलसिंह के घर छोड़कर ससुराल अनूपगढ़ चला गया। सोमवार को आते ही वह पिता को लेने गया व घर पहुंचा तो भाई मंगलसिंह, एक महिला व एक अन्य लाठियां लेकर आए तथा उसके साथ मारपीट की जिससे उसके चोटें आई। उधर परस्पर मुकदमे में महिला ने रिपोर्ट दी कि आरोपित टिकूसिंह उस पर बुरी नजर रखता है। सोमवार को वह घर में अकेली थी तो आरोपित ने घर में प्रवेश किया व डरा धमका कर उसके साथ छेडख़ानी करने लगा। शोर मचाने पर आरोपित भाग गया।