
श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन सहित जिले में 330 करोड़ रुपए की राशि होगी निर्माण कार्य पर खर्च
- पांच करोड़ रुपए की लागत से निर्मित रेल मैकेनाईज्ड लॉड्री का सांसद ने किया शुभारंभ
-श्रीगंगानगर.रेलवे स्टेशन पर नव स्थापित मैकेनाईज्ड लॉंड्री का मंगलवार को सांसद व पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री निहालचंद ने शुभारंभ किया। इस मौका पर सांसद ने कहा कि इस क्षेत्र में रेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं और पांच वर्षों में गंगानगर से 13 नई रेलगाडिय़ां प्रारंभ हुई जो पिछले पचास साल में नहीं हुई तथा आने वाले दिनों में दौ और नई गाडिय़ां शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि रेल विद्युतीकरण के लिये 286 करोड़ रूपये की राशि मंजूर हो रखी है और हनुमानगढ़ तक कार्य चल रहा है। श्रीगंगानगर में 7.50 करोड़ की लागत से वाशिंग लाइन का निर्माण हुआ। इस क्षेत्र का सबसे बड़ा गुड शैड बनवाली में ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इस क्षेत्र को ग्रीन कोरिडोर का लाभ भी मिलेगा,जो अमृतसर से भावनगर तक जायेगा। जिस पर 25 हजार करोड़ रूपये की राशि खर्च होगी। सांसद ने कहा कि सीमांत क्षेत्र विकास योजना में भी 30 करोड़ रुपए की राशि मिली है।
मिला है युवाओं को रोजगार--सांसद ने कहा कि 4 मई 2019 तक सभी रेलवे स्टेशन पर वाई फाई की सुविधाएं मिलने लगेगी। मैकनाइज्ड लॉड्री 600 चद्दरे प्रतिघंटा धुलाई करती है। इस प्रकार पूरे दिन में 7 से 7.50 टन तक चद्रे,तकियां,कंबल इत्यादि की धुलाई की जाती है। इस प्रोजेक्ट में चद्दरे तकिया की धुलाई के बाद श्रीगंगानगर,बीकानेर, हिंसार, भिवानी तक आपूर्ति की जायेगी। इस प्रोजेक्ट में लगभग 55 युवाओं को रोजगार दिया गया है। उन्होंने बताया कि वाशिंग लाईन बनने से नई गाडिय़ां आने की संभावना बढ़ गई है तथा इस लॉंडरी से हिंसार, बीकानेर, भिवानी तक धुलाई की गई चद्दरें जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर पांच करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है।
रेल विकास के लिए 28 करोड़ की राशि मंजूर--उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एके दूबे ने कहा कि बीकानेर मंडल के 17-18 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण का कार्य हुआ है। श्रीगंगानगर जिले में प्लेटफार्म को ऊंचा करने सहित कई निर्माण कार्य के लिए 330 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। अभी तक विभाग को 28 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है और जैसे-जैसे केंद्र से बजट मिलेगा, रेलवे का निर्माण कार्य किया जाता रहेगा। श्रीगंगानगर का रेलवे स्टेशन सफाई के मामले में 11वें पाईदान पर रहा। इसका श्रेय गंगानगर जिले के लोगों को जाता है।
28 फरवरी को चलेगी तिलक ब्रिज गाड़ी--इलाके की जनता को कम किराये में दिल्ली के लिये एक ओर रेल सेवा की सौगात 28 फरवरी को मिलेगी। यह रेलगाड़ी पूरी तरह से ओवरनाईट पेसेंजर रेल सेवा होगी। इसे रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और रेलवे बोर्ड के ईडी कोचिंग आशीष कुमार ने इस गाड़ी के विस्तार का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सांसद श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से इसे झण्डी दिखाकर इस गाड़ी को रवाना करेंगे और 31 मई को श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ नांदेड गाड़ी की शुरुआत की जाएगी।
नई रेल से इलाके का हुआ विकास--इस मौका पर सीनियर डीसीएम जितेन्द्र मीणा, सीनियर डीईएम जेपी शर्मा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक जितेन्द्र शर्मा, स्टेशन अधीक्षक डीके त्यागी,यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष संजय महिपाल, पूर्व राज्य मंत्री रवि सेतिया भाजपा नेता विनिता आहूजा,बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह मिशन, संयुक्त व्यापार मंडल के तरसेम गुप्ता, व्यापारी नेता कृष्ण मील,रमजान अली चौपदार,सुशील श्योरान, प्रदीप धेरड, क्रांति चुघ, महेश पेडीवाल, अंजू सैनी, डीआरयूसीसी के सदस्य सुनील अग्रवाल,जैडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा सहित गणमान्य ने कहा कि श्रीगंगानगर जिले को सांसद के कार्यकाल में बहुत सी नई रेल गाडिय़ां मिली है। इससे इलाके के लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिली है।