श्री गंगानगर

सवा तीन करोड़ के सोलर पैनल बेकार

https://www.patrika.com//rajsthan-news/
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2018, 9:44 AM IST
c
सवा तीन करोड़ के सोलर पैनल बेकार

श्रीगंगानगर.

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ाव दे रही है। विभिन्न योजनाओं के तहत सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में भी सोलर पैनल लगाए गए हैं। कागजों पर बेशक ये प्रयास उम्मीद जगाने वाले नजर आते हो, लेकिन वास्तविकता में सच्चाई कुछ और है।


सूत्रों के अनुसार जिले की 336 ग्राम पंचायतों में 50 प्रतिशत में सोलर पैनल काम ही नहीं कर रहे हैं। जिन पर सरकार के सवा तीन करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो चुके है। उल्लेखनीय है कि बिजली बचत करने के उद्देश्य से पंचायत समिति व ग्राम पंचायतों के अटल सेवा केंद्रों में सोलर पैनल लगाने का उद्देश्य गौण हो गया।


अब कोई उपयोग नहीं
मनरेगा में निर्मित अटल सेवा केंद्र में हर ग्राम पंचायत में एक-एक अटल सेवा केंद्र बनाया गया। इसमें एक लाख 98 हजार रुपए की लागत से सोलर पैनल स्थापित किया गया। जिला परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की 336 ग्राम पंचायतों में 50 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में सोलर पैनल खराब हो चुके हैं। इनका अब कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इसके अलावा हर पंचायत समिति में एक-एक अटल सेवा केंद्र का 2010 में निर्माण करवाकर छह-छह लाख रुपए की लागत से सोलर पैनल स्थापित किए गए लेकिन श्रीगंगानगर सहित अन्य पंचायत समिति में सोलर पैनल काम नहीं कर रहा है।


न बिजली की बचत, न उपयोग
इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बाद एक दिन भी ना बिजली की बचत हुई और ना सोलर पैनल से एक दिन कंप्यूटर चल पाया है। अब सोलर पैनल की बैटरियां पंचायत समिति के सेवा केंद्र के रूम में पड़ी कबाड़ हो रही है। इसकी तरफ ना पंचायत समिति और ना जिला परिषद ने कभी ध्यान तक नहीं दिया गया है। हालांकि सोलर पैनल रील कंपनी ने पांच साल का रख-रखाव की गारंटी तक ली गई। इसके बावजूद कंपनी से इसको दुरुस्त नहीं करवाया गया और न इसको चालू किया गया।


फैक्ट फाइल
सोलर पैनल की लागत 6 लाख 6 हजार रुपए
सोलर पैनल की क्षमता 2.2 किलोवॉट सौर फोटोवोल्टिक संयंत्र
क्या चल सकता है 10 कंप्यूटर, छह घंटें,एक प्रिंटर एक घंटा
रख-रखाव की गारंटी पांच साल
कौन सी कंपनी ने लगाया रील कंपनी ने
जिले में ग्राम पंचायतें 336
जिले में पंचायतों में सोलर पैनल खराब 168
ग्राम पंचायत में सोलर पर राशि खर्च की एक लाख 98 हजार


ग्राम पंचायतों व पंचायत समिति में सोलर पैनल लगाए हुए हैं। इनका उपयोग बहुत सी जगह नहीं किया जा रहा है। कई जगह सोलर पैनल की बैटरियां खराब होने की सूचना मिली है। इसकी रिपोर्ट मंगवाई गई है।
चिन्मयी गोपाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्रीगंगानगर।

Published on: