
Sri Ganganagar : श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ बाइपास स्थित अश्व मेले में रविवार शाम घोड़ों के करतब के दौरान अजीबोगरीब हादसा हो गया। करतब दिखा रहे एक घोड़े ने युवक को लात मार दी। घोड़े के पैर में लगी लोहे की नाल युवक की जेब में रखे मोबाइल फोन से टकरा गई। इसके बाद मोबाइल में अचानक धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। युवक ने तुरंत जेब से मोबाइल निकालकर दूर फेंक दिया, लेकिन तब तक फोन का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महज 30 सेकंड के भीतर मोबाइल फोन पूरी तरह जलता दिखाई दे रहा है। मोबाइल से धुआं निकलता देख युवक ने उसे जेब से निकालकर दूर फेंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों में भी घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ मार्ग पर पदमपुर बाइपास स्थित आवास रिसोर्ट के सामने मेला ग्राउंड में हुआ। यहां महाराणा प्रताप अश्व पालक समिति की ओर से अश्व मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न स्थानों से घोड़े लेकर पहुंचे पशुपालक अपने घोड़ों के करतब प्रदर्शित कर रहे हैं।
मेला आयोजक हरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि संबंधित युवक पंजाब से घोड़े लेकर मेले में पहुंचे थे। घोड़ों के करतब दिखाने के दौरान यह हादसा हुआ। घोड़े की लात लगने से उसकी लोहे की नाल युवक की जेब में रखे मोबाइल फोन से टकराई, जिसके बाद फोन में आग लग गई। हालांकि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और किसी प्रकार की जनहानि भी नहीं हुई। यह घटना लिथियम-आयन बैटरी वाले मोबाइल फोन के खतरे को एक बार फिर सामने लाती है। तेज शारीरिक प्रभाव या लात जैसी चोट से बैटरी पंचर हो सकती है या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे अचानक आग लगने या धमाके का खतरा रहता है।
मेला अभी जारी है। कल सोमवार को घोड़ों के साथ अन्य पशु-पक्षियों की प्रदर्शनी होगी, जबकि एक दिसंबर को घोड़ों की रेस और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।आज मेले में पंजाबी फिल्म 'सैंताली' की स्टारकास्ट और 'वालियां पाजेबा' गाने वाले गायक बी हैप्पी भी पहुंचे थे, जिससे दर्शकों में उत्साह रहा।