23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sri Ganganagar / Rajasthan: 10 दिन बाद होने वाली थी शादी.. बस की चपेट में आने से दूल्हे की मौत, परिवार में मातम

Rajasthan: 10 दिन बाद होने वाली थी शादी.. बस की चपेट में आने से दूल्हे की मौत, परिवार में मातम

रायसिंहनगर में सोमवार सुबह बस की मरम्मत कर रहे 23 वर्षीय मनीष की अचानक बस चलने से मौत हो गई। सबसे दुखद पहलू यह है कि महज 10 दिन बाद उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी के कार्ड बांटे जा रहे थे और परिवार खुशियों की तैयारियों में जुटा था, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 23 Nov 2026, 5:34 PM IST

Raisinghnagar Accident

Raisinghnagar Bus Accident: मृतक मनीष (फाइल फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। जिस घर में 10 दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण देने के लिए कार्ड बांटे जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। परिवार को जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाकर दूल्हा बनाना था, उसकी अर्थी उठाने की नौबत आ गई। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक की शादी महज 10 दिन बाद होनी थी।

मृतक की पहचान मनीष निवासी गांव लिखमेवाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनीष रायसिंहनगर बस स्टैंड पर खड़ी एक निजी बस की मरम्मत का काम कर रहा था। बस के सेल्फ स्टार्ट सिस्टम में खराबी थी। वह बस के नीचे जाकर उसे ठीक करने में जुटा था। इसी दौरान अचानक बस स्टार्ट हो गई और आगे बढ़ने लगी। मनीष संभल पाता, इससे पहले ही वह बस के पहियों की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बस होटल से टकराकर रुकी, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, अचानक आगे बढ़ी बस बेकाबू होकर पास स्थित एक होटल से जा टकराई। इसके बाद बस रुकी। हादसे के समय बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक फल विक्रेता भी बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रायसिंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

10 दिन बाद थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां

इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात मनीष की शादी से जुड़ी है। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदारों और परिचितों को शादी में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा था। घर में खुशियों का माहौल था और हर कोई आने वाले दिन का इंतजार कर रहा था। लेकिन सोमवार सुबह हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जिस युवक के हाथों में कुछ दिन बाद मेहंदी लगनी थी और सेहरा सजना था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। एक पल में बदली इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव लिखमेवाला में भी घटना की खबर फैलने के बाद शोक का माहौल है।

यह वीडियो भी देखें :