23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sri Ganganagar / Rajasthan: IPS दंपती ने तोड़ी सदियों पुरानी परंपरा, बुजुर्गों की आपत्ति के बावजूद बेटी के जन्म पर किया ‘जळवा पूजन’

Rajasthan: IPS दंपती ने तोड़ी सदियों पुरानी परंपरा, बुजुर्गों की आपत्ति के बावजूद बेटी के जन्म पर किया ‘जळवा पूजन’

राजस्थान के श्रीगंगानगर में आईपीएस दंपती अनु बेनीवाल और आयुष जाखड़ ने अपनी बेटी के जन्म पर जळवा पूजन कर नई मिसाल कायम की है। आमतौर पर बेटों के जन्म पर होने वाली इस सदियों पुरानी परंपरा को बुजुर्गों की आपत्ति के बावजूद परिवार ने बेटी के लिए निभाकर समाज को बराबरी का संदेश दिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Harshita Saini

•

image

मंगेश कौशिक

•

Updated: 23 Nov 2026, 3:09 PM IST

IPS couple Jalwa Pujan daughter birth

श्रीगंगानगर, परिवार की महिलाओं के साथ जळवा पूजन के लिए जातीं आइपीएस अनु (Photo-Patrika)

मंगेश कौशिक

श्रीगंगानगर. राजस्थान की माटी में रची-बसी एक पुरानी परम्परा को नई सोच का साथ मिले तो बदलाव की राह निकल ही आती है। अब तक घर में बेटे के जन्म पर थाली बजाने और जळवा पूजन की रस्म निभाने वाले समाज में श्रीगंगानगर के एक परिवार ने बेटी के जन्म पर भी वही परम्परा निभाकर नई मिसाल कायम की है। आइपीएस दंपती ने अपनी नवजात बेटी के जळवा पूजन का आयोजन कर यह संदेश दिया कि घर में किलकारी बेटे की गूंजे या बेटी की, खुशियां और संस्कार दोनों के लिए एक समान है। श्रीगंगानगर के पूर्व आइपीएस दिलीप जाखड़ के परिवार में इस बदलाव की शुरुआत हुई।

उनकी पुत्रवधू आइपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल और पुत्र आइपीएस आयुष जाखड़ की तीन माह की बेटी मनस्वी के जन्म पर परम्परागत जळवा पूजन की रस्म पूरे उत्साह से निभाई गई। वर्तमान में अनु बेनीवाल मध्यप्रदेश के जबलपुर में एएसपी ग्रामीण और आयुष जाखड़ एएसपी सिटी के पद पर कार्यरत है।

रस्म वही, सोच नई

राजस्थानी समाज में बेटे के जन्म के बाद ग्यारहवें दिन या निर्धारित शुभ अवसर पर जळवा पूजन, कुआं पूजन और थाली बजाने की परम्परा रही है। इसके उलट बेटी के जन्म पर ऐसी रस्मों को लेकर सामाजिक बंदिशें और रूढ़ियां देखने को मिलती रही हैं। परिवार ने इन्हीं रूढ़ियों को चुनौती देते हुए बेटी के जन्म को भी उतना ही मंगलकारी मानकर जल पूजन का आयोजन किया। हालांकि, इस पहल पर कुछ बुजुर्ग महिलाओं ने परम्परा का हवाला देते हुए आपत्ति भी जताई, लेकिन परिवार और समाज के प्रगतिशील लोगों ने स्पष्ट किया कि परम्पराएं खुशियां मनाने के लिए होती हैं, उनमें भेदभाव की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। आपसी सहमति से जळवा पूजन संपन्न हुआ। समाज के लोगों ने मनस्वी को आशीर्वाद देकर इस पहल का स्वागत किया।

समाज के गणमान्य बने साक्षी

इस अवसर पर जसवंत गोदारा, रणवीर गोदारा, बीएसएफ के पूर्व डीआइजी महेंद्र सहारण, राजीव सियाग, भूप सिंह चाहर, पूर्व संयुक्त निदेशक कृषि विजेंद्र नैण, टाटिया यूनिवर्सिटी के निदेशक मोहित टाटिया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। दिल्ली से पहुंचे ननिहाल पक्ष के सदस्यों ने भी समारोह में शिरकत की।

कृष्ण जन्म से जुड़ी है परम्परा

राजस्थान में जळवा पूजन को लेकर सदियों पुरानी लोक मान्यता है। इसे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि कृष्ण जन्म के ग्यारहवें दिन माता यशोदा ने जळवा पूजन किया था। इस रस्म में जल देवता और जल स्त्रोत की पूजा कर नवजात शिशु तथा मां के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की जाती है। परम्परा के अनुसार इस अवसर पर गेहूं की मीठी घूघरी का प्रसाद बनाया जाता है। समय के साथ मिठाई बांटने का चलन भी जुड़ गया है।