22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sri Ganganagar / श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, 8.66 करोड़ रुपए होंगे खर्च, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, 8.66 करोड़ रुपए होंगे खर्च, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 8.66 करोड़ रुपए की लागत से राजस्थान के रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होने जा रहा है। जानें क्या-क्या होगी सुविधाएं...
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 22 Nov 2026, 1:52 PM IST

Raisinghnagar railway station redevelopment

रायसिंहनगर. कार्य पूर्ण होने के बाद नजर आने वाला प्रस्तावित नक्शा (Photo-Patrika)

रायसिंहनगर. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अब राजस्थान के रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदलने जा रही है। बीकानेर मंडल के 22 प्रमुख स्टेशनों की पुनर्विकास सूची में शामिल इस स्टेशन का कायाकल्प करने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 8.66 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होगा। साथ ही यह स्टेशन राजस्थानी स्थापत्य कला और शाही हेरिटेज लुक में नजर आएगा।

नई पार्किंग, रिटायरिंग रूम और दिव्यांगजनों के लिए खास इंतजाम

योजना के तहत स्टेशन भवन और परिसर में बड़े पैमाने पर सुधार कार्य करवाए जाएंगे। यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग किया जाएगा। इसके साथ ही नई बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण और टू-व्हीलर व फोर-व्हीलर वाहनों के लिए अलग से आधुनिक पार्किंग विकसित की जाएगी। स्टेशन पर बने ब्लॉक ऑफिस और यात्रियों के ठहरने वाले रिटायरिंग रूम को भी नया रूप दिया जाएगा। यात्रियों की सहूलियत के लिए नए टॉयलेट ब्लॉक, चमकदार एलईडी लाइटिंग और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष संकेतक बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

डिजिटल स्क्रीन और कोच गाइडेंस बोर्ड से आसान होगा सफर

स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों की सटीक जानकारी देने के लिए सूचना प्रणाली को पूरी तरह हाईटेक बनाया जा रहा है। इसके तहत प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, सिंगल और मल्टीलाइन डिस्प्ले, बड़े एलईडी स्क्रीन और आधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को ट्रेन के आने-जाने और अपने कोच की सही स्थिति जानने में कोई परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा पूरे परिसर में जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां और बेहतर रोशनी के इंतजाम भी किए जाएंगे।

दीवारों पर दिखेगी राजस्थानी संस्कृति

रायसिंहनगर स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय कला और संस्कृति को खास तवज्जो दी जा रही है। स्टेशन की दीवारों पर राजस्थानी शैली की पेंटिंग और आकर्षक आर्ट वर्क उकेरा जाएगा, ताकि यहां उतरने वाले हर यात्री को इस क्षेत्र की समृद्ध विरासत की झलक मिल सके। इस सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य से स्थानीय कारीगरों और मजदूरों को भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। बेहतर पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं के बाद रायसिंहनगर स्टेशन को एक नई पहचान मिलने की पूरी उम्मीद है।