राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में स्थित जवाहरनगर थाना क्षेत्र की सैन्य छावनी में एक दुखद घटना में सेना के सूबेदार मुकेश सिंह राजपूत (46) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में स्थित जवाहरनगर थाना क्षेत्र की सैन्य छावनी में एक दुखद घटना में सेना के सूबेदार मुकेश सिंह राजपूत (46) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। घटना के बाद सैन्य परिसर में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सूबेदार मुकेश सिंह राजपूत मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र के जौटाई गांव के निवासी थे। वह नियमित रूप से शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देते थे और प्रतिदिन करीब 12 किलोमीटर दौड़ लगाते थे। सुबह भी वह निर्धारित दिनचर्या के तहत दौड़ और पीटी व्यायाम कर रहे थे।
दौड़ और व्यायाम पूरा करने के बाद जब वह अपने क्वार्टर की ओर लौट रहे थे, तभी अचानक मैदान में उन्हें चक्कर आ गया और वह गिर पड़े। साथियों ने तुरंत उन्हें साधुवाली स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद पार्थिव शरीर सेना के अधिकारियों को सौंप दिया गया।