श्री गंगानगर

Sriganganagar : 1999 के चर्चित भांभू कॉलोनी तिहरे हत्याकांड के सजा काट रहे कैदी की संदिग्ध मौत, जेल से काम पर गया था बाहर

श्रीगंगानगर के जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में 1999 के चर्चित भांभू कॉलोनी तिहरा हत्याकांड की सजा काट रहे कैदी लालचंद उर्फ लालिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 12:09 PM IST
Jaitsar Open Jail Prisoner Death
Ai Generated Image

श्रीगंगानगर. जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में भांभू कॉलोनी तिहरा हत्याकांड में सजा भुगत रहे एक सजायाफ्ता कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसे राजकीय चिकित्सालय पदमपुर में भर्ती करवाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद केंद्रीय कारागृह प्रशासन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीगंगानगर को पत्र भेजकर बंदी की मृत्यु के कारणों की न्यायिक जांच करवाने और पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया है। केंद्रीय कारागृह के जेल अधीक्षक महावीर मीणा ने बताया कि मृतक बंदी की पहचान लालचंद उर्फ लालिया (51) पुत्र राजू उर्फ कचरू के रूप में हुई है। वह श्रीगंगानगर की भांभू कॉलोनी में बाबादीप सिंह गुरुद्वारे के पीछे रहता था। यह बंदी 25 जुलाई 2026 से जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में सजा भुगत रहा था।

काम के लिए गया था शिविर से बाहर

जेल प्रशासन को मिली जानकारी के अनुसार बंदी ने शुक्रवार सुबह नियमित हाजिरी लगवाई थी। इसके बाद वह रोजगार के लिए खुला बंदी शिविर से बाहर गया हुआ था। शाम करीब 4:40 बजे बंदी के परिजन सूरज पुत्र अंग्रेज सिंह ने शिविर के अन्य बंदी मनजीत पुत्र रामफल के मोबाइल पर सूचना दी कि लालचंद की तबीयत खराब होने पर उसे राजकीय चिकित्सालय पदमपुर में भर्ती करवाया गया है। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुला बंदी शिविर के प्रभारी जयवीर सिंह प्रहरी ने इस संबंध में शाम करीब 6 बजे दूरभाष से जेल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे प्रार्थना पत्र के माध्यम से भी घटना से अवगत करवाया गया। केंद्रीय कारागृह प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 196 के तहत मर्ग दर्ज करने, पोस्टमार्टम करवाने और न्यायिक मजिस्ट्रेट से मृत्यु के कारणों की जांच करवाने का आग्रह किया है। जेल प्रशासन के पत्र में मृत्यु का संभावित कारण अचानक बीमार होना बताया गया है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

तीन हत्याओं से दहल उठा था शहर

श्रीगंगानगर के चर्चित भांभू कॉलोनी तिहरा हत्याकांड की वारदात 1 जनवरी 1999 की रात हुई थी। चार युवकों ने परचून की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के घर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर दुकानदार, उसकी गर्भवती पत्नी और आठ वर्षीय बालक की चाकू तथा केबल से हत्या कर दी थी। इस जघन्य वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी को वादा माफ गवाह बनाया गया, जबकि शेष तीन आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया। श्रीगंगानगर की फास्ट ट्रैक अदालत ने वर्ष 2003 में एक आरोपी को मृत्युदंड और दो अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। मृत्युदंड से दंडित आरोपी की दया याचिका तत्कालीन राष्ट्रपति ने वर्ष 2012 में स्वीकार कर ली थी। इसके बाद उसकी फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया था।

Updated on:
21 Nov 2026, 12:09 PM IST
Published on:
Also Read
View All
भारत-पाक बॉर्डर पर तस्करों की घेराबंदी, ड्रोन से नशा लाने वालों पर हाईटेक CCTV से नजर, अंधेरे में भी पढ़ेंगे नंबर प्लेट

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: एक और महिला जांच के घेरे में, महकदीप से संपर्क का शक; जानें होटल में क्यों पहुंची पुलिस?

Rajasthan: ‘जिस खेत में सीमा पार से गिरी नशा की खेप… कब्जे में लेगी सरकार’, पुलिस ने जिला कलक्टर को भेजा प्रस्ताव

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में नया अपडेट, होटल संचालक सहित 7 लोग डिटेन, महकदीप कौर निशाने पर

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट से ठीक पहले क्या कर रहे थे महकदीप कौर और देवेंद्र? CCTV से हुआ खुलासा