
Sri ganganagar Massive Fire : श्रीगंगानगर शहर के सूरतगढ़ रोड स्थित किसान चौक के पास एक कबाड़ स्टोर में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही नगर परिषद अग्निशमन सेवा केंद्र की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए हैं। फायर ऑफिसर ओमेंद्र सिंह ने बताया कि आग सोमवार तड़के किसी समय लगी थी, जिसकी सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
श्रीगंगानगर शहर के फायर ऑफिसर ओमेंद्र सिंह ने बताया कि आग की तीव्रता को देखते हुए लगातार अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े। सुबह करीब 9.15 बजे तक कुल सात दमकल गाड़ियां आग बुझाने के कार्य में जुटी रहीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अभी 10 जून को भी श्रीगंगानगर जिले के राजकीय जिला चिकित्सालय में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 10.11 बजे ओपीडी और पर्ची काउंटर के पास लगे बिजली के मुख्य पैनल बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। पैनल बोर्ड से तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरे परिसर में काला धुआं भर गया। चूंकि सुबह का समय था, इसलिए अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ मौजूद थी। आग और धुआं देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
हादसे के वक्त अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों, डॉक्टरों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों (जो कैदियों को दवा दिलाने लाए थे) ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाला और डरे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।