श्रद्धालुओं ने शनिवार को विराजे गणपति को श्रद्धापूर्वक विदा किया
श्रीगंगानगर. इलाके में गणेश महोत्सव का गणपति बप्पा के विसर्जन के साथ समापन हो गया। इस विसर्जन से पहले श्रद्धालुओं ने शनिवार को विराजे गणपति को श्रद्धापूर्वक विदा किया। डीजे साउण्ड की धुनों पर गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों और अगले बरस जल्दी आ…, देवा ओ देवा गणपति देवा के भजन व गीतों पर श्रद्धालुओं खासतौर पर महिलाओं और युवाओं ने जमकर नाचते हुए अपनी मंगलमूर्ति के प्रति आस्था दिखाई। गुलाल बिखेर कर खुशी का इजहार किया। युवाओं की टोलियां दिनभर गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष लगाते हुए शहर के मुख्य बाजार से निकली। शनिवार दोपहर एक बजे के बाद पुरानी आबादी, ब्लॉक एरिया, इंदिरा चौक, एन ब्लॉक, इंदिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, सेतिया कॉलोनी, प्रेमनगर, जवाहरनगर, अग्रसेननगर आदि इलाके से विभिन्न संगठनों ने अपनी अपनी विसर्जन यात्रा शुरू की। कई लोग ट्रैक्टर ट्रॉलियों, कैँटरों, ऑटो में सवार होकर नाथांवाला और साधुवाली के पास गंगनहर तक पहुंचे। वहीं घरों में विराजे गए गणपति को विदा करने के लिए कई श्रद्धालु अपने परिवारिक सदस्यों के साथ सीधे नाथांवाला गांव और साधुवाली के पास गंगनहर के पास जाकर पूजा अर्चना की और अगले बरस जल्द आ के भजनों के माध्यम से इस नहर में गणपति की मूर्तियों को विसर्जित किया। गणपति विसर्जन के प्रति लोगों का उत्साह अधिक नजर आया। शनिवार दोपहर में बरसात के बावजूद गणपति विसर्जन के प्रति उमंग और उत्साह का माहौल बना रहा। कई वार्डों में तो गणपति विसर्जन से पहले पूरे वार्ड में ही यात्रा निकाली। युवक-युवतियों ने गणपति बप्पा की मूर्तियों के संग सेल्फी लेकर उत्साह बढ़ाया। महिलाओं ने रंग बिरंगी ड्रेस पहनकर विसर्जन की यात्रा में साक्षी बनी।