
श्रीगंगानगर.
गोलबाजार में गांधी चौक के पास स्थित होटल लैंडमार्क को मंगलवार को सीज कर दिया जाएगा। नियमों के विपरीत हुए निर्माण को लेकर नगर परिषद प्रशासन ने पिछले दो साल में कई बार नोटिस भी दिए लेकिन होटल संचालक की एप्रोच होने के कारण यह मामला ठंडे बस्ते में चलता रहा।
अधिवक्ता कुलदीप गार्गी ने कोतवाली में होटल संचालक के अलावा नगर परिषद आयुक्त सहित कई अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई थी, यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं लोकायुक्त को शिकायत दर्ज कराई गई। लोकायुक्त ने इस मामले में जानबूझकर देरी की वजह के संबंध में आयुक्त सुनीता चौधरी से जवाब भी तलब किया है।
लोकायुक्त की प्रभावी कार्रवाई होते देख नगर परिषद प्रशासन ने यू टर्न लेते हुए इस होटल को सीज करने की प्रक्रिया शुरू की है। आयुक्त ने कार्रवाई के लिए मंगलवार का दिन तय करते हुए इसके लिए एक टीम भी गठित की है। इस टीम में एईएन सुखपाल कौर, राजस्व अधिकारी प्रथम जुबेर खान, पैरोकार प्रेम चुघ, जेईएन अमनदीप कौर, वर्क मिस्त्री धर्मपाल, सहायक कर्मचारी रवि कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में दस सफाई कार्मिकों को भी शामिल किया गया है। सीजर की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की जाएगी।
होटल संचालक ने मांगी मोहलत
इस बीच सोमवार को होटल संचालक ने आयुक्त से कुछ समय के लिए मोहलत मांगी पर आयुक्त ने इससे इनकार कर दिया। आयुक्त का कहना था कि होटल संचालक ने डीएलबी से एप्रोच कराई है लेकिन सोमवार देर शाम तक इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया।
इसलिए हो रहा सीज
दुकान का निर्माण 35 फीट में होना चाहिए था लेकिन वहां 50 फीट तक निर्माण हो चुका है। इसके अलावा इस भवन के आगे तीन फीट का छज्जा होना चाहिए था लेकिन वहां साढ़े चार फीट का छज्जा बना है। बेसमेंट 35 फीट साइज का बनाया गया है। नियमानुसार पांच-पांच फीट सैटबैक रखना चाहिए था। ऐसे में यह बेसमेंट बीस फीट से अधिक नहीं होना था।