
श्रीगंगानगर.
शहर में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए यातायात सलाहकार समिति की बैठक में उठाए मुद्दों को लेकर यातायात पुलिस की ओर से प्रशासन को ट्रैफिक नियंत्रण के लिए रिपोर्ट सौंपी है। जिसमें पार्र्किंग के लिए दो स्थानों को चिह्नित किया है। जिला कलक्टर के आदेश के बाद इसकी व्यवस्था की जाएगी।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि समिति की बैठक में शहर में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कई मुद्दे सामने आए थे। जिनमें से शहर के मुख्य बाजारों के आस-पास पार्र्किंग की विकट समस्या होना है। इसके अलावा बंद पड़ी शहर की ट्रैफिक लाइटों को चालू कराना का मामला भी उठा था। शहर के प्रमुख ट्रैफिक पाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मियों को सर्दी, गर्मी व बरसात में राहत के लिए गुमटियां बनवाए जाना और मुख्य रोड पर आने वाले लिंक मार्ग पर ब्रेकर बनवाए जाने का मामला भी सामने आया था। जिससे ट्रेफिक को नियंत्रित किया जा सके तथा हादसों में कमी आए। इसके लिए पुलिस विभाग को इसकी रिपोर्ट बनाने व स्थान चिह्नित करने के आदेश दिए थे। जिसकी रिपोर्ट बनाकर पिछले दिनों यातायात पुलिस की ओर से प्रशासन को सौंपी गई है।
यातायात पुलिस की ओर से शहर के बाजारों में इधर-उधर सड़क किनारे खड़े वाहनों के लिए पार्किग स्थल की तलाश की गई। जिसमें दो स्थानों को चिह्नित किया गया है। एक गोदारा कॉलेज के पास सड़क किनारे ढलवां फुटपाथ व दूसरा स्थान जेल के पीछे स्थित सड़क किनारे पड़ी जगह वाहनों की पार्र्किंग की जा सकती है। इसके चलते शहर के बाजारों में सड़क किनारे खड़े रहने वाले वाहनों से निजात मिल सकती है।
शहर की सभी ट्रेफिक लाइटें बंद
पुलिस ने शहर की सभी चौराहों व मार्गों पर ट्रेफिक लाइटों का अवलोकन किया। इस दौरान सभी चौराहों पर लगी ट्रेफिक लाइटें बंद पाई गई। जिनको जल्द ही चालू कराने के लिए रिपोर्ट में मांग की गई है। जिससे शहर मेें चौराहों पर ट्रेफिक व्यवस्था में सुधार हो सके।
ट्रेफिक पाइंटों पर लगेंगी गुमटियां
शहर में ट्रेफिक पाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों को धूल, बारिश व सर्दी से बचाव के लिए गुमटियां लगाए जाने की आवश्यकता है। इसके चलते ट्रेफिक पुलिस की ओर से शहर में नौ ट्रेफिक पाइंट चिह्नित किए गए हैं, जहां गुमटियां लगाया जाना आवश्यक है। जिससे पुलिसकर्मियों को पाइंटों पर राहत मिल सके।
लिंक मार्गों पर बे्रकर बनाए जाएंगे
शहर में होने वाले हादसों को रोकने के लिए मुख्य मार्गों पर खुलने वाले लिंक रोड से आने वाले वाहनों की स्पीड कम करने के लिए ब्रेकर लगाए जाएंगे। इसके लिए मुख्य मार्ग से जुड़े सभी लिंक रोड चिह्नित किए गए हैं। जहां बे्रकर बनवाएं जाएंगे। जिससे लिंक रोड से आने वाले वाहन मुख्य रोड पर ट्रेफिक बाधित ना कर सके।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए प्रशासन के आदेश पर रिपोर्ट बनाकर पिछले दिनों सौंप दी है। वहीं बे्रकर लगाने के लिए एक संस्था आगे आई है। यातायात सलाहकार समिति की बैठक में निर्देश के बाद यह कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं पार्र्किंग स्थल भी चिह्नित किए गए हैं।
कुलदीप चारण, यातायात प्रभारी श्रीगंगानगर।