
श्रीगंगानगर। इलाके का एक ही सिंह... सुरेन्द्र सिंह-सुरेन्द्र सिंह और अमर रहे सुरेन्द्र सिंह के इस जयघोष के साथ पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे यहां जवाहरनगर सैक्टर दो स्थित राठौड़ के आवास से अंतिम यात्रा जब शुरू हुई तो उनके परिजनों और रिश्तेदारों के अलावा उनके समर्थकों के आंखों में आंसू बहने लगे। अपनी दबंग और स्पष्टवादिता की छवि से उनके समर्थक सुबह आठ बजे से ही आवास के आसपास पहुंचने लगे।
जब सुबह साढ़े ग्यारह बजे इस जननायक की अंतिम यात्रा निकली तो मानो पूरा शहर ही उमड़ आया हो। उनके समर्थकों ने शव को वाहन की बजाय अपने कंधों पर पदमपुर रोड स्थित कल्याण भूमि तक ले गए। जहां जहां से यह यात्रा निकली वहां वहां से लोग उनके इस काफिले में शामिल हो गए। इस लंबी अंतिम यात्रा से ब्लॉक एरिया में यातायात व्यवस्था ठप हो गई। हालांकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस का बंदोबस्त किया गया था।
जिसकी थी धाक कभी, अब वह खामोश
इलाके में अपनी दबंग आवाज के धनी पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ करीब ६७ साल के थे। इस नेता ने जरुरतमंदों और पीडि़तों की मुखर आवाज बनकर इलाके में एेसी छाप छोड़ी कि आने वाली पीढि़यां याद रखेगी। हालांकि जब वर्ष २००३ में गैर कांग्रेसी के रूप में प्रखर नेता के रूप में भाजपा का दामन थामा तो उनको विधायकी की कुर्सी मिल गई। उन्होंने तब कांग्रेस के कद्दावर कहे जाने वाले नेता और पूर्व आयुर्वेद मंत्री राधेश्याम गंगानगर को करीब ३५ हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।
२२ सितम्बर २००५ को वृंदावन विहार स्थित नगर परिषद के पूर्व सभापति महेश पेड़ीवाल पर जानलेवा हमला के मामले में तत्कालीन विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ पर षडयंत्र का आरोप लगा, इस प्रकरण से राठौड़ की राजनीति का यू टर्न हो गया। वर्ष १९९३ से वर्ष २००५ तक करीब बारह सालों की राजनीति का ग्राफ इस कदर नीचे गिरा कि वह अब नहीं संभला। ज्ञात रहे कि राठौड़ कई बार सरपंच भी रहे। गंगानगर पंचायत समिति का प्रधान बनने के बाद वे प्रधान जी के नाम से जाने पहचाने जाने लगे।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े समर्थक
पूर्व विधायक राठौड़ के आवास के बाहर और कल्याण भूमि के अंदर उनके अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों की आवाजाही अधिक हो गई। उनके श्रद्धाजंलि देने वालों में पूर्व मंत्री राधेश्याम गंगानगर, नगर परिषद के पूर्व सभापति जगदीश जांदू, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार गौड़, पूर्व अध्यक्ष ज्योति कांडा, भाजपा के जिला महामंत्री उम्मेद सिंह, नगर विकास न्यास अध्यक्ष संजय महिपाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सहारण, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष जसंवत सिंह भादू, अरोड़वंश समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष कपिल असीजा, बिहाणी शिक्षा न्यास के अध्यक्ष जयदीप बिहाणी, नगर परिषद सभापति अजय चांडक की जगह उनके अनुज संदीप चांडक, आदि मौजूद थे।