श्री गंगानगर

किसान संगठनों की इस घोषणा के बाद गंगनहर में बढ़ने लगा पानी

-किसान संगठनों ने दे रखी है धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
2 min read
• •
Updated: 8 May 2018, 9:09 PM IST
gang canal file photo
gang canal file photo

श्रीगंगानगर.

अखिल भारतीय किसान सभा और गंगनहर किसान समिति सहित विभिन्न किसान संगठनों के गंगनहर में पर्याप्त पानी की मांग पर आंदोलन की चेतावनी के बाद गंगनहर में पानी बढऩा शुरू हो गया है। बढ़े हुए पानी का असर बुधवार सुबह तक दिखाई देने लगेगा।

पानी के मुद्दे पर बुधवार को ही पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मुख्य अभियंताओं की बैठक चंडीगढ़ में हो रही है, जिसमें रबी फसलों की बिजाई के लिए तीनों राज्यों की नहरों को पर्याप्त पानी देने पर विचार हो सकता है।

पंजाब सिंचाई विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार से गंगनहर में पानी की मात्रा बढ़ाकर 1700 क्यूसेक की गई है। इसमें और बढ़ोतरी करने की संभावना है। पानी की मात्रा में हुई वृद्धि का असर बुधवार सुबह तक शिवपुर हैड पर दिखाई देगा। हरिके हैडवक्र्स से मंगलवार को फिरोजपुर फीडर में 5900 क्यूसेक तथा राजस्थान फीडर में 6500 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा था।

बिजाई के लिए पानी

रबी फसलों की बिजाई के लिए अब उपयुक्त समय है। लेकिन गंगनहर को 700-800 क्यूसेक पानी मिलने से बिजाई संभव नहीं क्योंकि गंगनहर प्रणाली की अधिकांश नहरें बंद पड़ी हैं। बिजाई के लिए पानी की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा और गंगनहर किसान समिति ने 10 मई को कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दे रखी है। शायद इसी चेतावनी का असर है कि मंगलवार को पंजाब से पानी की मात्रा में लगभग 1000 क्यूसेक की बढ़ोतरी हुई है। रबी की बिजाई के लिए अखिल भारतीय किसान सभा ने गंगनहर में 2500 क्यूसेक पानी चलाने की मांग की है।

Published on: