
-हवा चलने से रही हलकी ठंडक
-मौसम विभाग ने जताई अगले दो दिन में फिर सर्दी बढऩे और बूंदाबांदी की आशंका
श्रीगंगानगर.
इलाके में मंगलवार को खिली धूप ने सर्दी की विदाई के संकेत दे दिए। सुबह दिन की शुरुआत तो सर्दी के साथ हुई लेकिन धूप खिलने से मौसम में बदलाव महसूस हुआ। इस दौरान हवा चलने से मामूली ठंडक रही । सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक इलाके में सर्दी का असर बना रहा। अल सुबह घरों से निकले लोग सर्दी से परेशान होते दिखे लेकिन आसमान में सूरज नजर आते ही सर्दी के तेवर ढीले हो गए। दोपहर बारह बजे तक तो आसमान में तीखी धूप नजर आने लगी।
इस बीच मौसम विभाग ने अगले एक दो दिन में मौसम में फिर से बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक हलका पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। संभवत: यह शुक्रवार तक इलाके से होकर गुजरेगा। इस दौरान मौसम में एक बार फिर बदलाव आ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी एमएल रिणवां के अनुसार शुक्रवार तक एक बार फिर ठंडक बढ़ सकती है। इलाके से गुजरने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से बूंदाबांदी की भी संभावना है।