
श्रीगंगानगर। ट्रेन में बिना टिकट सफर करना और ऊपर से टिकट जांचने पहुंची महिला टीटीई से ही उलझ जाना। श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में कुछ ऐसा ही घटनाक्रम देखने को मिला। दो अग्निवीरों के महिला टीटीई से भिड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद महिला टीटीई नाजू अरोड़ा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, नाजू अरोड़ा वह महिला हैं, जो खेल के मैदान में अपनी उपलब्धियों से कई बार देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली महिला टीटीई नाजू अरोड़ा पावरलिफ्टिंग की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुकी हैं। वर्ष 2008 में स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे में उनकी नौकरी लगी। इसके बाद भी उन्होंने खेलना जारी रखा। वर्ष 2015 तक उन्होंने भारतीय रेलवे की ओर से पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई पदक अपने नाम किए। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
नाजू अरोड़ा ने पत्रिका डिजिटल से विशेष बातचीत में बताया कि बचपन से ही उन्हें हॉकी खेलने का शौक था। स्कूल के दिनों में उन्होंने स्थानीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। हालांकि, आगे की पढ़ाई के लिए वर्ष 2005 में कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद धीरे-धीरे हॉकी से उनका मोहभंग होने लगा। इसकी वजह थी पावरलिफ्टिंग के प्रति बढ़ता रुझान।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में मौज-मस्ती और शौक के लिए पावरलिफ्टिंग शुरू की थी। बाद में कोच नागेश सिंह चौहान की सलाह पर एक साल तक प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वर्ष 2006 में पहली बार प्रदेश स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। यहां से उनका सफर आगे बढ़ा और उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
नाजू अरोड़ा ने बताया कि उनका सपना देश सेवा के लिए पुलिस में भर्ती होने का था। हालांकि, पुलिस में भर्ती होने की प्रक्रिया आगे बढ़ती, उससे पहले ही उन्हें रेलवे से नौकरी का ऑफर मिल गया। स्पोर्ट्स कोटे के तहत साल 2008 में रेलवे में उनकी नियुक्ति हो गई। तब से वो रेलवे में सेवाएं दे रही हैं और वर्तमान में टीटीई के पद पर कार्यरत हैं।
नाजू अरोड़ा ने साल 2007 में चीन के ताइवान में आयोजित एशियन पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद नाजू अरोड़ा ने साल 2007 में ही फ्रांस के लकार्डा में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने चौथा स्थान हासिल देश का नाम रोशन किया।
नाजू अरोड़ा ने मई 2012 में राजस्थान के उदयपुर में आयोजित एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। इस प्रतियोतिया में वे तीसरे स्थान पर रही थी। नाजू अरोड़ा ने सितंबर 2014 में गोवा में आयोजित सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने महिला 72 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
नाजू अरोड़ा को रेलवे में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर सेवाओं के लिए अब तक पांच बार डीआरएम अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं, सादुलशहर और हनुमानगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेन में फर्जी टीटीई को पकड़ने के लिए उन्हें पीसीसीएम अवॉर्ड से भी नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें एक बार जीएम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
ट्रेन में बिना टिकट सफर कर रहे दो अग्निवीरों से हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि कोच के अंदर तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजा रहे थे। इससे यात्रियों को भी परेशानी हो रही थी। अग्निवीरों से ईयरफोन लगाने की कहा गया और उनका टिकट पूछा। जब पता चला कि दोनों बिना टिकट के ही ट्रेन में सफर कर रहे थे। इस पर नियमानुसार टिकट बनाने और प्रति यात्री 500 रुपए जुर्माना लगाने की बात कही तो दोनों बहस करने लगे। जिस पर बीकानेर रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी और सूरतगढ़ स्टेशन पर आरपीएफ की मदद से दोनों को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया। इसके बाद सेना के अधिकारियों ने 650 रुपए की टिकट व पेनल्टी राशि जमा करवाकर मामला शांत करवाया।