श्रीगंगानगर और सूरतगढ़ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक महिला कूद गई। लोको पायलट की सूझबूझ से महिला की जान बच गई। महिला के परिवार में अनबन चल रही थी।
श्रीगंगानगर। रायसिंहनगर इलाके में मंगलवार को एक महिला चलती ट्रेन के आगे कूद गई। हालांकि, लोको पायलट की सूझबूझ से महिला की जान बच गई। महिला के गाड़ी के नीचे आने से पहले ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे श्रीगंगानगर से सूरतगढ जाने वाली ट्रेन स्टेशन से रवाना ही हुई थी। गाड़ी स्पीड पकड़ती इससे पहले ही अण्डर ब्रिज से थोड़ा आगे रेलवे ट्रैक की ओर एक महिला दौड़ती हुई नजर आई। महिला गाड़ी के नीचे आती इससे पहले ही लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोक लिया। इससे महिला की जान बच गई।
महिला को ट्रैक से हटाकर करीब पांच मिनट रुकने के बाद गाड़ी को गन्तवय स्थल के लिए रवाना किया गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए तथा महिला को समझाने लगे। सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के सामने कूदने वाली महिला नजदीकी गांव 12 पीएस की है। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। परिवार में अनबन के चलते वह रेलवे ट्रैक पर आ गई। फिलहाल, परिजन उसे समझाबुझाकर अपने साथ ले गए।