
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। फोटो- पत्रिका
रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर)। क्षेत्र में सोमवार को रोडवेज बस की टक्कर से गर्भवती महिला और दो युवतियों की मौत हो गई। तीनों आपस में रिश्तेदार थीं। दुर्घटना अनूपगढ़-श्रीगंगानगर मार्ग पर गांव 41 एनपी के पास नेशनल हाईवे संख्या 911 पर हुई, जहां स्कूटी सवार महिलाओं को रोडवेज बस ने कुचल दिया।
स्कूटी सवार पिंकी पुत्री भगवान सिंह, सुमन पुत्री जीत सिंह और रेशमा पत्नी बलवंत सिंह अपने गांव 41 एनपी से रायसिंहनगर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान वे टोल नाके से पहले हाईवे पर चढ़ते समय रायसिंहनगर की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गईं।
बस स्कूटी को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला रेशमा गंभीर रूप से घायल हो गई। वह पांच माह की गर्भवती बताई जाती है। घायल महिला को रायसिंहनगर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया।
यह वीडियो भी देखें
बताया जा रहा है कि श्रीगंगानगर पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों मृत महिलाओं के शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक केदार लाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। वहीं इस हादसे में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। चक 41 एनपी बस स्टैंड के पास एक मकान बना हुआ है। लिंक रोड से हाईवे पर चढ़ते समय हाईवे पर आ रहा वाहन दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। माना जा रहा है कि हादसा इसी कारण हुआ।
Updated on:
09 Feb 2026 07:16 pm
Published on:
09 Feb 2026 07:16 pm
