श्री गंगानगर

चेंजमेकर अभियान में महिलाओं ने खुलकर रखे अपने विचार

महिला सुरक्षा मंच के प्रदेशाध्यक्ष भवानीशंकर सोनी ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की नितान्त आवश्यकता है

2 min read
changemaker meeting

सादुलशहर.

राजस्थान पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे चेंजमेकर अभियान के तहत स्वच्छ करें राजनीति के तहत गुरुवार को गांव तख्तहजारा सिखान के श्री गुरुद्वारा सिंह सभा में राष्ट्रीय महिला सुरक्षा मंच के संयुक्त तत्वावधान में परिचर्चा का आयोजन पत्रिका की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य व भाविप अध्यक्ष रविन्द्र मोदी व बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम जोशी की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला सुरक्षा मंच के प्रदेशाध्यक्ष भवानीशंकर सोनी ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की नितान्त आवश्यकता है तथा कहा कि जब शिक्षित, नेक सोच तथा देश को बेहतर दिशा में ले जाने वाले लोग राजनीति में सक्रिय होंगे, तभी राजनीति ज्यादा जबावदेह व जन हितैषी होगी।

मंच की तहसील अध्यक्ष टीना मेहरा ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं का राजनीति में आने के साथ ही उन्हें चुनाव भी लडऩा होगा। महिलाऐं सक्रिय होगी तो हिम्मत खुलेगी व स्वार्थ की राजनीति करने वालों के हौंसले पस्त होंगे। शशिबाला गगनेजा ने कहा कि दहेज प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा जैसी कुरीतियों को खत्म करना होगा। एक महिला ने अपनी पीड़ा रखते हुए कहा कि सरकार की ओर से जो अन्नपूर्णा रसोई योजना शुरू की गई है, उसकी जगह रोजगार परक योजनाऐं शुरू की जाऐं ताकि रोटी स्वयं कमाई जा सके। रविन्द्र मोदी ने महिला अधिकारों की जानकारी विस्तार से दी।

राधेश्याम जोशी ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम, शिक्षा में छात्राओं के लिए सरकार की ओर से देय विभिन्न योजनाओं, सम्पति में अधिकार आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा महिलाओं से सक्रिय राजनीति में आने का आह्वान किया। समापन पर उपस्थित महिलाओं ने राजनीति में सक्रियता से प्रेरित करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा भ्रष्ट राजनीतिज्ञों का साथ नहीं देने का संकल्प लिया।

Published on:
31 May 2018 10:07 pm
Also Read
View All