
लालगढ़ जाटान के भागसर गांव में वारदात, महिला से कथित संबंध को लेकर विवाद की चर्चा
श्रीगंगानगर @ पत्रिका. लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के भागसर गांव में रविवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आपस में दोस्त थे और वारदात के समय साथ बैठकर शराब पी रहे थे।
पुलिस के अनुसार, भागसर निवासी मनफूल राम ने अपने दोस्त रमेश कुमार को शराब पीने के लिए बुलाया था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मनफूल राम ने कुल्हाड़ी से रमेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गर्दन पर कई गंभीर चोटें लगने से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी शराब के नशे में विवाद और हुड़दंग होता रहता था। इसी वजह से शुरुआत में लोगों ने झगड़े को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में सूचना मिलने पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। हत्या के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गया था, जहां से सोमवार सुबह पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है।
महिला से कथित संबंध को लेकर विवाद की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, एक महिला से दोनों दोस्तों के कथित संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर शराब पीने के दौरान कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।