
प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में वार्ता सकारात्मक रही। शिक्षा मंत्री ने अधिकांश मांगों पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि संगठन प्रदेश के करीब तीन लाख शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है।
वार्ता में माध्यमिक शिक्षा में स्टाफिंग पैटर्न शीघ्र लागू करने, सत्र 2019-20 से 2025-26 तक क्रमोन्नत विद्यालयों में पद आवंटित करने तथा संचालित विषयों के अनुसार व्याख्याता पद देने की मांग की गई। कक्षा 11वीं और 12वीं के नामांकन के आधार पर पद निर्धारण के मानकों में कमी करने का सुझाव भी दिया। सभी शिक्षक संवर्गों की पदोन्नति शीघ्र करने तथा छह सत्रों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग रखी गई। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को पुनर्स्थापन का विकल्प देने और नए जिलों के गठन के बाद शिक्षकों की वरिष्ठता यथावत रखने का मुद्दा भी उठाया गया।
प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल ने बताया कि शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार ड्यूटी लगाने की व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। समसा की ग्रांट, प्रशिक्षण, पाठ्य पुस्तकें और खेल सामग्री के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी कर राशि समय पर उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई। पंचायती राज विभाग के कार्मिकों को पूर्व सेवा अवधि का लाभ देने के लिए नियमों में संशोधन, कम नामांकन के आधार पर राजस्व गांवों के विद्यालयों का विलय नहीं करने तथा विदेशी एनजीओ बीसीजी को समसा से बाहर करने का मुद्दा उठाया गया। वार्ता में रमेश चंद्र पुष्करणा, महेंद्र कुमार लखारा और बसंत जिंदल शामिल रहे।