श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बड़ा हादसा, चिनाब नदी में गिरी स्कॉर्पियो; 5 लोगों की मौत

Scorpio falls into Chenab river: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दच्छन इलाके के पास एक स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर चेनाब नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशासन और राहत टीम मौके पर तैनात है।
2 min read
Aug 15, 2026
Scorpio falls into Chenab river
चिनाब नदी में गिरी स्कॉर्पियो; 5 लोगों की मौत, फोटो सोर्स- एक्स ( @voicetvurdu1 )

Kishtwar road accident: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी जिले किश्तवाड़ में शनिवार सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया। दच्छन इलाके में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए चेनाब नदी में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे से जुड़ी नई जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो (HR29AG-0648) डंगडीरू से पक्कल डूल पावर प्रोजेक्ट की तरफ जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने के कारण गाड़ी गहरी खाई में फिसलते हुए उफनती नदी में जा समाई।

शुरुआती रिपोर्टों में वाहन में 10 से 12 लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। मौके से 5 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि नदी की तेज धार में एक और शव देखा गया है। फिलहाल मृतकों की कुल संख्या और लापता लोगों का सटीक आंकड़ा जुटाया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है, लेकिन गाड़ी के पानी में डूब जाने की वजह से राहत अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि केंद्रीय राज्य मंत्री (PMO) डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर घटना की पुष्टि करते हुए किश्तवाड़ के उपायुक्त (DC) पंकज कुमार शर्मा से बात की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

स्थानीय लोगों और सेना का संयुक्त रेस्क्यू

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की भयावहता को देखते हुए पुलिस और राहत टीमों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी में उतरकर मदद का हाथ बढ़ाया। सेना के जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रस्सियों के सहारे गहरी खाई और नदी के किनारों पर व्यापक खोज अभियान चलाया। नदी के तेज बहाव और लगातार खिसकते पत्थरों के बावजूद संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अब तक 5 शवों को पानी से बाहर निकाल लिया है, जिन्हें पोस्टमार्टम और पहचान के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल अन्य लापता यात्रियों की तलाश और नदी में समाई गाड़ी को बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Updated on:
15 Aug 2026 02:52 pm
Published on:
15 Aug 2026 02:39 pm