राज्य

CM रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान, चावड़ी बाजार इमारत हादसे में 7 लोगों की मौत

Chawri Bazar Building Collapse: दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत के बाद CM रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। मामले में तीन ठेकेदार गिरफ्तार किए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 7:27 PM IST
Rekha Gupta
CM रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

Rekha Gupta: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में इमारत गिरने के हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों को दिल्ली सरकार 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मृतकों के परिवारों के लिए इस मुआवजे का ऐलान किया।

दिल्ली सरकार ने कहा कि वह इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

चावड़ी बाजार में कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में अजमेरी गेट के पास गली शीश महल और गली शहतारा में हुआ। यहां एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

तीन ठेकेदार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दौज तहसील के सिरोही गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी और तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण का शक

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दूसरी और तीसरी मंजिल पर कथित तौर पर किए गए अनधिकृत निर्माण के कमजोर पड़ने की आशंका है। इसके बाद पूरी इमारत ढह गई। इलाका बेहद संकरा और घनी आबादी वाला है। घटनास्थल तक पहुंचने वाली गली महज करीब तीन फीट चौड़ी और डेड-एंड होने के कारण वहां बड़े वाहन, बचाव दल के ट्रक और भारी मशीनें पहुंचाना मुश्किल था।

मलबा हटाने में आई बड़ी चुनौती

राहत और बचाव कार्य में जुटे कर्मचारियों, मेडिकल टीम और MCD के 30 से ज्यादा जोनल कर्मचारियों को पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। मलबा हटाने का काफी काम हाथ से किया गया। बचाव दल ने छोटे आकार की मशीनों का भी इस्तेमाल किया, ताकि मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा सके।

AE और JE को किया गया निलंबित

हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इलाके के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया था। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने का भी निर्देश दिया। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई जारी है। सरकार ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही है।

Updated on:
10 Nov 2026, 7:27 PM IST
Published on: