राज्य

NEET पेपर लीक पर बिहार बंद के दौरान झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, SSP बोले- उपद्रवियों को हिरासत में लिया

Bihar Band: NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बिहार बंद के दौरान पटना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने सीमित बल प्रयोग, लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को हटाया।
2 min read
Jul 25, 2026
bihar bandh
पटना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प (फ़ोटो- ANI)

Bihar Band Patna: NEET पेपर लीक मामले और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को पटना की सदकोंपर जबरदस्त हंगामा हुआ। वामपंथी छात्र संगठनों AISA और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के आह्वान पर आयोजित इस बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

बंद के दौरान, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी तिरंगा झंडा लेकर छात्रों के समर्थन में उतरे। डाकबंगला चौराहे पर मचे भारी हंगामे के बीच पुलिस ने तेज प्रताप यादव को भी हिरासत में ले लिया।

गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे तक हंगामा

शनिवार सुबह से ही पटना के गांधी मैदान के आसपास बड़ी संख्या में छात्र और युवा जुटने लगे थे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। रामगुलाम चौक के पास कुछ आक्रोशित प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इसके बाद, छात्रों की भीड़ डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ी जहां पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें बैरिकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की।

इस दौरान, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

अनोखे पोस्टरों के जरिए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन के दौरान, छात्र केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ बैनर और पोस्टर लिए हुए दिखे। छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग कर रहे थे। सड़कों पर दिखाए गए पोस्टरों में से एक पर लिखा था, "हम जैसे जिद्दी लोगों पर तुम्हारी लाठियों का कोई असर नहीं होगा।" प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि निष्पक्ष जांच करने के बजाय, सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है।

SSP कार्तिकेय शर्मा ने क्या कहा?

मौके पर पहुंचे पटना के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को जरूरी कदम उठाने पड़े। कम से कम बल प्रयोग करके भीड़ को हटाया गया। पथराव और हंगामा करने में शामिल लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे आगे पूछताछ की जाएगी। संवेदनशील इलाकों से भीड़ हटाने और सड़कों पर ट्रैफिक सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

बाहरी लोगों ने पथराव किया- सिटी DSP राज किशोर

इस मामले पर जानकारी देते हुए सिटी DSP राज किशोर ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए इलाके के बाहर के लोग भी आए थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, उनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ लिया गया है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल, राजधानी पटना के प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।

Updated on:
25 Jul 2026 01:26 pm
Published on:
25 Jul 2026 01:04 pm
Also Read
View All