राज्य

तुकाराम मुंढे की पोस्ट चर्चा में, बोले- ‘चलता है’ की नीति छोड़ें, खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता को दें प्राथमिकता

Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने ‘चलता है’ वाली मानसिकता छोड़ने और खाद्य पदार्थों समेत हर क्षेत्र में गुणवत्ता व बेहतर मानकों को प्राथमिकता देने की अपील की। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 2:57 PM IST
Tukaram Mundhe
तुकाराम मुंढे की पोस्ट चर्चा में, फोटो ANI

Maharashtra FDA: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे अपनी बेबाकी और सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर भी वह काफी सक्रिय रहते हैं। अब उनकी एक पोस्ट चर्चा में है, जिसमें उन्होंने लोगों से ‘चलता है, इतना क्या?’ वाली मानसिकता छोड़ने और हर क्षेत्र में गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की अपील की है।

‘चलता है ना, इतना क्या?’ की मानसिकता पर सवाल

तुकाराम मुंढे ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कोई भी व्यवस्था आमतौर पर उन मानकों या गुणवत्ता के स्तर से बहुत आगे नहीं जा सकती, जिन्हें स्वीकार करने के लिए समाज तैयार होता है। उन्होंने कहा कि हम बेहतर शासन, विश्वस्तरीय संस्थाओं और विकसित भारत की आकांक्षा रखते हैं, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में अक्सर घटिया गुणवत्ता, कमजोर क्रियान्वयन और औसत दर्जे की व्यवस्था को स्वीकार कर लेते हैं।

‘यह सिर्फ सोच नहीं, एक संस्कृति बन जाती है’

मुंढे ने कहा कि ‘चलता है ना, इतना क्या?’ वाली सोच केवल एक रवैया बनकर नहीं रहती, बल्कि धीरे-धीरे एक संस्कृति का रूप ले लेती है। इसका असर संस्थाओं पर भी पड़ता है। उनके मुताबिक, ऐसी मानसिकता संस्थाओं की कार्यप्रणाली को प्रभावित करती है, जवाबदेही को कमजोर करती है और गुणवत्ता को वैकल्पिक बना देती है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी जोर

तुकाराम मुंढे की पोस्ट को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की जागरूकता से भी जोड़कर देखा जा रहा है। FDA आयुक्त के तौर पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों से जुड़े मुद्दे उनके विभाग के काम का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में उनकी यह अपील लोगों को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों की गुणवत्ता को लेकर भी सजग रहने का संदेश देती है।

उन्होंने लोगों से साफ तौर पर ‘चलता है’ वाली नीति और औसत दर्जे की मानसिकता को छोड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि बेहतर व्यवस्था और विकसित समाज के लिए गुणवत्ता को प्राथमिकता देना जरूरी है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की सेवाओं तक, मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। तुकाराम मुंढे की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है और लोग गुणवत्ता, जवाबदेही और बेहतर व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Updated on:
11 Nov 2026, 2:57 PM IST
Published on: